5G Internet Slow Problem: 5G नेटवर्क दिख रहा है लेकिन इंटरनेट स्लो है? VPN, नेटवर्क मोड और सॉफ्टवेयर से जुड़ी सेटिंग्स बदलकर स्पीड कैसे सुधारें, जानिए।
5G Internet Slow Problem: कई बार ऐसा होता है कि मोबाइल फोन की स्क्रीन पर पूरे नेटवर्क बार और 5G सिग्नल दिखाई देते हैं, लेकिन इसके बावजूद इंटरनेट या तो बेहद धीमा चलता है या बिल्कुल काम नहीं करता। यह समस्या खासतौर पर उन यूजर्स के साथ सामने आती है, जिनके इलाके में 5G सेवा शुरू हो चुकी है, लेकिन नेटवर्क स्थिर नहीं है।
एयरटेल और जियो जैसी टेलीकॉम कंपनियां देश के अधिकांश हिस्सों में 5G सेवा उपलब्ध करा रही हैं, फिर भी कई जगहों पर यूजर्स को डेटा स्पीड से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अगर आपके पास 5G स्मार्टफोन है और नेटवर्क दिखाई देने के बावजूद इंटरनेट ठीक से नहीं चल रहा, तो कुछ आसान सेटिंग्स और उपायों से इस समस्या को काफी हद तक ठीक किया जा सकता है।
सबसे पहले यह जांचना जरूरी है कि आपके फोन में कोई VPN ऐप चालू तो नहीं है। कई बार VPN के जरिए डेटा रूट होने के कारण नेटवर्क स्पीड कम हो जाती है या 5G कनेक्शन सही तरह से काम नहीं करता। अगर VPN चालू है, तो उसे बंद करके दोबारा इंटरनेट चलाकर देखें। कई मामलों में VPN बंद करते ही डेटा स्पीड सामान्य हो जाती है।
5G सिग्नल दिखने के बावजूद इंटरनेट स्लो या बंद होने पर नेटवर्क को रिफ्रेश करना एक कारगर तरीका है। इसके लिए फोन में एयरप्लेन मोड ऑन करें और लगभग 10 सेकेंड बाद इसे ऑफ कर दें। इससे फोन नेटवर्क से दोबारा कनेक्ट होता है और कई बार इंटरनेट की समस्या अपने आप ठीक हो जाती है।
अगर एयरप्लेन मोड के बाद भी इंटरनेट में सुधार नहीं होता, तो फोन की सेटिंग्स में जाकर मोबाइल नेटवर्क विकल्प खोलें। यहां Preferred Network Type में 5G/4G/3G/2G या ऑटो मोड चुनना बेहतर रहता है। इससे फोन उपलब्ध नेटवर्क के अनुसार खुद को एडजस्ट करता है और कनेक्टिविटी स्थिर हो सकती है।
5G तकनीक अभी भी लगातार अपडेट हो रही है। ऐसे में पुराने सॉफ्टवेयर वाले फोन में नेटवर्क से जुड़ी दिक्कतें आ सकती हैं। अगर आपके फोन में कोई सॉफ्टवेयर अपडेट उपलब्ध है, तो उसे इंस्टॉल करना फायदेमंद हो सकता है। अपडेट से नेटवर्क स्टेबिलिटी और कनेक्टिविटी में सुधार देखने को मिल सकता है।
कई बार इंटरनेट की समस्या फोन की सेटिंग्स नहीं, बल्कि सिम से जुड़ी होती है। पुरानी या खराब सिम के कारण भी डेटा सही तरह से काम नहीं करता। अगर सभी उपाय अपनाने के बाद भी दिक्कत बनी रहती है, तो टेलीकॉम कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क करना सही रहता है। जरूरत पड़ने पर सिम बदलवाने की सलाह भी दी जा सकती है।
5G नेटवर्क दिखाई देने का मतलब यह नहीं कि हर समय स्पीड भी बेहतर ही मिले। नेटवर्क कवरेज, फोन सेटिंग्स, सॉफ्टवेयर और सिम जैसे कई कारण इंटरनेट की रफ्तार को प्रभावित करते हैं। ऊपर बताए गए आसान उपाय अपनाकर कई मामलों में बिना सर्विस सेंटर जाए ही इंटरनेट स्पीड को बेहतर किया जा सकता है।