हैंगआउट यूजर्स दूसरे वीडियो कॉलिंग एप Google Meet पर हो रहे हैं री-डायरेक्ट। जिन्होंने एप अपडेट नहीं की है, वे अभी भी कर सकते हैं ग्रुप वीडियो कॉलिंग। गूगल अब वीडियो कॉल के लिए गूगल मीट को प्रमोट कर रहा है।
Google इन दिनों अपनी सर्विसेज को अपग्रेड करने में जुटा है। इस कड़ी में गूगल ने अपनी कई एप्स में नए फीचर्स जोड़े हैं। वही कुछ एप्स को बंद भी कर रह है। अब गूगल ने अपने यूजर्स को बड़ा झटका दिया है। दरअसल, गूगल ने अपने मल्टीमीडिया मैसेजिंग एप हैंगआउट से ग्रुप वीडियो कॉल का फीचर हटा दिया है। अब आप Google Hangouts से ग्रुप वीडियो कॉलिंग नहीं कर पाएंगे। यह फीचर बंद होने के बाद गूगल अपने हैंगआउट यूजर्स को अपने दूसरे वीडियो कॉलिंग एप Google Meet पर री-डायरेक्ट कर रहा है।
वर्ष 2013 में लॉन्च किया था एप
दरअसल, गूगल अब वीडियो कॉल के लिए गूगल मीट को प्रमोट कर रहा है। यह नया अपडेट भी उसी का हिस्सा है। बता दें कि गूगल मीट में एक साथ 10 लोग फ्री में वीडियो कॉलिंग कर सकते हैं। वहीं पेड सर्विस के तहत 25 लोग वीडियो कॉलिंग में शामिल हो सकते हैं। बात करें हैंगआउट की तो गूगल ने साल 2013 में Hangouts को क्रॉस-प्लेटफॉर्म मैसेजिंग एप को लॉन्च किया था।
यूजर्स को मिल रहा ये मैसेज
गूगल अब गूगल हैंगआउट को गूगल मीट से रिप्लेस करने की तैयारी में है। अब यूजर जब हैंगआउट एप के 36.0.340725045 वर्जन को ओपन करते हैं तो उन्हें एक मैसेज दिखाई देता है। इस मैसेज में लिखा है Video calls in Hangouts now use Google Meet. That gives you live captions, screen sharing, and more। हालांकि अभी जिन लोगों ने अभी एप को अपडेट नहीं किया है, वे अभी भी ग्रुप वीडियो कॉल कर पा रहे हैं।
इस एप पर 300 यूजर्स कर सकते हैं एक साथ कॉलिंग
बता दें कि माइक्रोसॉफ्ट ने गूगल को टक्कर देने के लिए हाल ही Teams यूजर्स के लिए वीडियो कॉलिंग फ्री कर दी है। इसमें यूजर्स दिन भर फ्री में कॉलिंग कर सकते हैं। साथ ही इसमें नई सुविधा के तहत Teams में 300 यूजर्स एक साथ 24 घंटे मीटिंग कर सकते हैं।