टेक्नोलॉजी

PAN Aadhaar Link Status: 31 दिसंबर तक नहीं किया ये काम तो रद्दी हो जाएगा आपका पैन कार्ड, अभी चेक करें स्टेटस

PAN Aadhaar Link Status: क्या आपका पैन आधार से जुड़ा है? 31 दिसंबर आखिरी मौका है। घर बैठे SMS या ऑनलाइन स्टेटस चेक करने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका यहां देखें।

3 min read
Dec 30, 2025
PAN Aadhaar Link Status (Image: Gemini)

PAN Aadhaar Link Status: साल 2025 अब खत्म होने जा रहा है और सही से देखा जाए तो अब हमारे पास 1 दिन का समय बचा है। इसी बीच एक बहुत ही जरूरी डेडलाइन हमारे सिर पर आ खड़ी हुई है। अगर आपने इस पर ध्यान नहीं दिया, तो नए साल का जश्न फीका पड़ सकता है। हम बात कर रहे हैं आपके पैन कार्ड (PAN Card) की।

सोचिए, आप 1 जनवरी को किसी जरूरी काम से बैंक जाएं और पता चले कि आपका पैन कार्ड अब महज प्लास्टिक का एक टुकड़ा बनकर रह गया है यानी रद्दी हो गया है। डराने वाली बात है न? लेकिन ये सच हो सकता है अगर आपने 31 दिसंबर, 2025 तक अपने पैन को आधार से लिंक नहीं किया।

ये भी पढ़ें

महंगे रिचार्ज के बीच ‘संजीवनी’ है ये ट्रिक… महज 44 रुपये में साल भर चालू रहेगा Jio सिम

घबराइए मत, अभी भी वक्त है। और सबसे अच्छी बात ये है कि यह पता लगाना बहुत आसान है कि आपका पैन लिंक है या नहीं। चलिए, आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है और आप घर बैठे इसे कैसे सुलझा सकते हैं।

PAN Aadhaar Link Last Date 2025: लंबे समय से थी जानकारी, अब खत्म हो रही है मोहलत

अब आप सोच रहे होंगे कि, "मैंने तो बहुत पहले लिंक करवा लिया था, अब ये नया शोर क्यों?" दरअसल, यह खबर उन लोगों के लिए खास तौर पर जरूरी है जिन्होंने अपना पैन कार्ड 1 अक्टूबर, 2024 से पहले बनवाया था और वो भी 'आधार एनरोलमेंट आईडी' (वो पर्ची जो आधार बनने से पहले मिलती है) का इस्तेमाल करके।

इनकम टैक्स विभाग का साफ कहना है, ऐसे सभी पैन कार्ड्स को 31 दिसंबर, 2025 तक आधार से लिंक करवाना अनिवार्य है। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो 1 जनवरी 2026 से वो पैन कार्ड काम करना बंद कर देंगे।

Link PAN with Aadhaar Online: फ्री है या पैसे लगेंगे?

अच्छी खबर यह है कि डेडलाइन तक, यानी 31 दिसंबर तक यह काम बिल्कुल फ्री है। लेकिन, हम भारतीयों की आदत होती है हर काम आखिरी तारीख पर करने की। यहां ये गलती भारी पड़ सकती है। डेडलाइन बीतने के बाद अगर आप लिंक करवाने जाएंगे, तो आपको 1000 रुपये का जुर्माना भरना पड़ेगा। यानी बेवजह जेब ढीली होगी।

How to Check PAN Aadhaar Link Status via SMS: कैसे पता करें कि आपका पैन लिंक है या नहीं?

आपको साइबर कैफे जाने या किसी एजेंट को पैसे देने की कोई जरूरत नहीं है। आप अपने मोबाइल से ही दो तरीकों से इसका पता लगा सकते हैं।

तरीका 1: वेबसाइट के जरिए

यह सबसे पक्का तरीका है। बस नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें।

  • सबसे पहले इनकम टैक्स की आधिकारिक ई-फाइलिंग वेबसाइट (incometax.gov.in) पर जाएं।
  • वेबसाइट के होमपेज पर बाईं तरफ आपको 'Quick Links' का एक सेक्शन दिखेगा।
  • वहां 'Link Aadhaar Status' पर क्लिक करें।
  • अब जो पेज खुलेगा, वहां अपना पैन नंबर और आधार नंबर डालें।
  • इसके बाद 'View Link Aadhaar Status' पर क्लिक कर दें।

क्लिक करते ही स्क्रीन पर मैसेज आ जाएगा। अगर लिखा है "Already Linked", तो बधाई हो, आप सेफ हैं। अगर नहीं, तो तुरंत लिंक करने का प्रोसेस शुरू करें।

तरीका 2: एक SMS से जानें

अगर वेबसाइट पर जाने का मन नहीं है या इंटरनेट धीमा है, तो अपना पुराना तरीका अपनाइए, यह तरीका एसएमएस वाला है।

  • अपने फोन का मैसेज बॉक्स खोलें।
  • मैसेज में टाइप करें: UIDPAN (फिर स्पेस दें) 12 अंकों का आधार नंबर (फिर स्पेस दें) 10 अंकों का पैन नंबर।
  • इसे 567678 या 56161 पर भेज दें।
  • उधर से तुरंत एक रिप्लाई आएगा जो आपको बता देगा कि आपका आधार और पैन आपस में जुड़े हैं या नहीं।

जरूरी सलाह

बैंकिंग हो, शेयर बाजार हो या प्रॉपर्टी खरीदना हो बिना पैन कार्ड के गाड़ी एक इंच आगे नहीं बढ़ती। इसलिए 31 तारीख का इंतजार मत कीजिए। अभी अपना फोन उठाइए, स्टेटस चेक कीजिए (Link PAN with Aadhaar online) और बेफिक्र हो जाइए।

ये भी पढ़ें

Oppo Reno 15 Pro Mini: क्या 60 हजार रुपये होगी कीमत? लॉन्च से पहले स्पेसिफिकेशन्स और प्राइस का दावा

Published on:
30 Dec 2025 02:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर