टेक्नोलॉजी

5 साल बाद चीनी ऐप Shein की इंडिया वापसी; जानिए भारतीयों के लिए क्या होगा फायदा?

Shein ने पांच साल बाद भारत में वापसी की है, अब यह रिलायंस रिटेल के साथ साझेदारी में भारतीय बाजार में काम करेगा। सरकार ने सुरक्षा जांच के बाद इस साझेदारी को मंजूरी दी है।
2 min read
• •
Updated: 8 Feb 2025, 3:38 PM IST
Shein-Reliance Partnership

Shein-Reliance Partnership: चीन की पॉपुलर फास्ट-फैशन कंपनी Shein पांच साल बाद भारत में फिर से वापसी कर रही है। 2020 में इस ऐप पर सुरक्षा कारणों से बैन लगा दिया गया था, लेकिन अब Shein रिलायंस रिटेल के साथ साझेदारी में भारतीय बाजार में कदम रखेगी। रिलायंस रिटेल, जो मुकेश अंबानी की कंपनी है, इस बार Shein के भारतीय कारोबार का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में रखेगा।

साझेदारी की शर्तें और नया तरीका?

इस बार Shein भारत में अपना कारोबार खुद से नहीं चलाएगी। रिलायंस रिटेल पूरी तरह से Shein इंडिया ऐप को मैनेज करेगा, जिसमें लॉजिस्टिक्स, सेल्स और कस्टमर सर्विसेज शामिल हैं। Shein केवल एक टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर के रूप में काम करेगी और ऐप के बैकएंड सिस्टम्स को सपोर्ट करेगी। इसका मतलब यह है कि Shein की भूमिका सीमित होगी और वह बिक्री और मार्केटिंग में भाग नहीं लेगी।

इस साझेदारी का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि Shein को भारत के ग्राहकों का डेटा नहीं मिलेगा। सभी ग्राहक डेटा भारत में ही रखा जाएगा, जिससे सुरक्षा चिंताओं को दूर किया जा सके। इस कदम से Shein की भारत में वापसी संभव हो सकी है।

सस्ते दामों में उपलब्ध हैं कपड़े?

Shein ने भारतीय बाजार में अपने कपड़े काफी सस्ते दामों पर पेश किए हैं। उनके ड्रेस की कीमत 199 रुपये से शुरू होती है, जो भारतीय ग्राहकों के लिए आकर्षक है। इसके अलावा, Shein ने डिलीवरी चार्ज हटा दिया है, जिससे खरीदारी और भी आसान हो गई है। शुरुआत में Shein भारत के बड़े महानगरों जैसे दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई में उपलब्ध होगा, लेकिन जल्द ही यह अन्य शहरों में भी विस्तार किया जाएगा।

लोकल मैन्युफैक्चरर्स को मिलेगा फायदा?

Shein ने यह भी तय किया है कि उनके प्रोडक्ट्स भारत में ही बनाए जाएंगे। यह पहल भारतीय सरकार के "मेक इन इंडिया" अभियान का समर्थन करती है, जिससे स्थानीय निर्माताओं (लोकल मैन्युफैक्चरर्स) को रोजगार मिलेगा और स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

सख्त सुरक्षा नियमों के साथ कारोबार

Shein की वापसी को सरकार ने कई सुरक्षा जांचों और ऑडिट्स के बाद मंजूरी दी है। भारतीय सरकार के कई मंत्रालयों ने इस साझेदारी की सुरक्षा तय करने के लिए गहरी जांच की है। इसके अलावा, Shein को नियमित रूप से साइबर सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट्स देनी होंगी, जो सरकारी मंजूरी प्राप्त कंपनियां करेंगी।

Updated on:
8 Feb 2025, 3:38 PM IST
Published on: