लाइफस्टाइल

Monsoon में कुछ स्पेशल खाने का है मन? Chef Ranveer Brar और Nisha Madhulika की ये रेसिपीज करें ट्राई

Idli Kofta Curry And Nargisi Kofta Recipe: अगर आप बारिश के सुहाने मौसम में कुछ टेस्टी और अलग बनाकर खाने का सोच रहे हैं, तो आप शेफ रणवीर बरार की इडली कोफ्ता करी और निशा मधुलिका की नर्गिसी कोफ्ता करी ट्राई कर सकते हैं।
3 min read
Aug 11, 2026
Chef Ranveer Brar Idli Curry, Nisha Madhulika Nargisi Kofta
Idli Kofta Curry And Nargisi Kofta Recipe (representative image) image credit gemini

Monsoon Special Recipe: बारिश के दिनों में मौसम सुहाना होने के बाद कुछ अच्छा और स्पेशल खाने का मन करता है। अगर आप भी इस मौसम में कुछ ऐसा बनाने का सोच रहे हैं, जो स्वाद में रिच हो और घर पर आसानी से तैयार हो जाए, तो शेफ रणवीर बरार की बताई इडली कोफ्ता करी या निशा मधुलिका की नर्गिसी कोफ्ता करी ट्राई कर सकते हैं। आइए जानते हैं, इन दोनों डिशेज को बनाते समय किन जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।

शेफ रणवीर बरार से जानें इडली कोफ्ता करी बनाने के जरूरी टिप्स

इडली कोफ्ता करी बनाने के लिए सबसे पहले इडली के बैटर में बारीक कटी अदरक, हरी मिर्च और धनिया मिला सकते हैं। इसके बाद इडली के सांचे में तेल लगाकर स्टीम कर सकते हैं, क्योंकि घी लगाने पर इडली ठंडी होने के बाद घी जम सकता है। अगर इडली में कोफ्ते जैसा टेक्सचर चाहिए तो बैटर में कद्दूकस की हुई लौकी, गाजर या गोभी मिला सकते हैं, वहीं इसे थोड़ा रिच बनाने के लिए मावा या कटे हुए काजू भी डाल सकते हैं। इसके अलावा करी बनाते समय प्याज को लौंग, काली मिर्च और बड़ी इलायची के साथ धीरे-धीरे भूनें और फिर अदरक-हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह पकाएं। इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालकर तब तक पकाएं, जब तक मसाला गाढ़ा न हो जाए। इडली को स्टीम करने के बाद थोड़ा ठंडा होने दें और फिर साइड से स्पैचुला लगाकर निकालें, इससे इडली टूटेगी नहीं।

इडली को फ्राई करने से उसकी शेप बनी रहती है और करी में डालने पर वह आसानी से नहीं टूटती। अगर फ्राई नहीं करना चाहते तो इडली को एयर फ्राई कर सकते हैं। बिना फ्राई की हुई इडली करी में डालनी हो तो पहले ग्रेवी तैयार करें, फिर गैस बंद करके इडली डालें, वरना इडली ज्यादा पकने पर घुल सकती है। करी में इडली डालने के बाद उसे कुछ देर ग्रेवी सोखने दें, इससे इडली के अंदर तक मसाले का स्वाद अच्छी तरह पहुंचता है।

नर्गिसी कोफ्ता करी बनाने के लिए निशा मधुलिका से जानें टिप्स

नर्गिसी कोफ्ता करी बनाने के लिए सबसे पहले पनीर को अच्छी तरह मैश करके एकदम स्मूद और सॉफ्ट कर लें। इसके लिए जरूरत हो तो मिक्सर का इस्तेमाल कर सकते हैं। स्टफिंग के लिए पनीर में नमक, हल्दी, लाल मिर्च, कटे हुए काजू और किशमिश मिलाएं और बाकी पनीर में कॉर्न फ्लोर डालकर कोफ्ते का मिक्सचर तैयार करें। कोफ्ते में स्टफिंग भरते समय पनीर की लोई को कप जैसी शेप दें, बीच में स्टफिंग रखें और चारों तरफ से बंद करके ओवल शेप दें। कोफ्तों को क्रिस्पी रखने के लिए पहले मैदा के घोल में डुबोएं और फिर पिसे हुए सोया चंक्स में कोट करें। इसके बाद दोबारा घोल और सोया क्रम्ब्स की कोटिंग करें। डबल कोटिंग के बाद कोफ्तों को 10 से 15 मिनट के लिए रख दें, इससे कोटिंग अच्छी तरह सेट हो जाएगी।

कोफ्ते फ्राई करते समय तेल अच्छी तरह गर्म रखें और आंच मीडियम से मीडियम-हाई रखें, क्योंकि कम गर्म तेल में ज्यादा देर तक फ्राई करने से पनीर पिघलकर बाहर निकल सकता है। ग्रेवी के लिए तेल में तेज पत्ता, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च, बड़ी इलायची और जीरा डालकर हल्का भूनें। फिर टमाटर, हरी मिर्च और अदरक की प्यूरी डालकर तब तक पकाएं, जब तक तेल अलग न हो जाए। इसके बाद काजू और खरबूजे के बीज की पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें और जरूरत के हिसाब से पानी डालें। ग्रेवी को और रिच बनाना हो तो क्रीम, मलाई या मावा भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आखिर में नमक, गरम मसाला और हरा धनिया डालकर ग्रेवी को धीमी आंच पर कुछ मिनट पकाएं और तैयार ग्रेवी में कोफ्ते डालें। कोफ्तों को ग्रेवी में ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना वे टूट सकते हैं। इसे रोटी, लच्छा पराठे या नान के साथ सर्व करें।

Updated on:
11 Aug 2026 05:20 pm
Published on:
11 Aug 2026 05:18 pm