
Street Style Chole Bhature: छोले भटूरे खाना लगभग सभी को पसंद होता है, लेकिन इन्हें घर पर बनाने पर अक्सर स्ट्रीट स्टाइल या होटल जैसा स्वाद नहीं आ पाता। इसी वजह से ज्यादातर लोग इसे बाहर खाना पसंद करते हैं। अगर आप भी फूले हुए भटूरे के साथ गाढ़े और स्वादिष्ट छोले बनाना चाहते हैं, तो आप शेफ कुनाल कपूर और शेफ यमन अग्रवाल द्वारा बताए गए जरूरी टिप्स फॉलो कर बना सकते हैं।
शेफ कुनाल कपूर के अनुसार स्ट्रीट स्टाइल छोले भटूरे बनाने के लिए छोलों को उबालते समय काली इलायची, हरी इलायची, दालचीनी, लौंग, तेजपत्ता, सूखा आंवला और थोड़ी-सी चायपत्ती की पोटली डालने से उनका रंग और स्वाद बेहतर होता है। हालांकि, चायपत्ती ज्यादा नहीं डालनी चाहिए, वरना कड़वाहट आ सकती है। चनों को कम से कम 3 घंटे भिगोकर बेकिंग सोडा, नमक और पर्याप्त पानी के साथ प्रेशर कुक करना चाहिए।
वहीं, भटूरे के लिए सूजी का इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसा करने से भटूरे कुरकुरे बनते हैं और लंबे समय तक फूले रहते हैं। इसके साथ ही भटूरे के लिए आटा अच्छी तरह गूंधने के बाद कम से कम 2 घंटे आराम देना चाहिए, ताकि वह मुलायम और लचीला हो जाए। इसके साथ ही भटूरे बेलते समय सूखे आटे की बजाय तेल का उपयोग करना चाहिए और गर्म तेल में हल्के हाथों से तलना चाहिए, ताकि वे अच्छी तरह फूलें।
शेफ यमन अग्रवाल के अनुसार छोले भटूरे बनाने के लिए सबसे पहले चनों को अच्छी तरह धोकर हल्के मीठे सोडे वाले पानी में करीब 6 घंटे तक भिगोना चाहिए। इसके साथ ही भटूरे के आटे में सूजी का इस्तेमाल करना चाहिए। लेकिन ध्यान दें कि सूखी सूजी नहीं, बल्कि सूजी को पहले पानी में भिगोकर फूलने देना चाहिए। इसके साथ ही शुरुआत में आटा थोड़ा टाइट रखना चाहिए, क्योंकि सूजी बाद में नमी छोड़कर उसे नरम कर देती है। आटे को अच्छी तरह मसाज करके गूंधना बेहद जरूरी है, क्योंकि इसी से उसमें लचीलापन आता है और भटूरे बेलते समय फटते नहीं हैं।