लाइफस्टाइल

Diwali Cleaning Tips: घर की सफाई से लेकर सजावट तक, दिवाली की तैयारी में काम आएंगे ये टिप्स

Diwali 2026: दिवाली की सफाई के दौरान पुरानी चीजों का क्या करें और सफाई कैसे करें, जिससे आसानी से पूरा घर साफ होने के साथ सजावट भी आसानी से हो जाए। आइए जानते हैं इससे जुड़े टिप्स और ट्रिक्स।
3 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 1:14 PM IST
Diwali Cleaning Tips
Diwali 2026 के लिए Cleaning Tips (Representative Image) Image Credit Magnific

Diwali Cleaning and Decoration Tips: दिवाली 2026 आने में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। ऐसे में घरों में कमरे से लेकर बाथरूम तक की सफाई करने के साथ ही टूटी-फूटी चीजों की मरम्मत करने में भी लोग जुट गए हैं। ऐसे में एक साथ साफ-सफाई, रिपेयरिंग और शॉपिंग करने की वजह से कई बार समझ नहीं आता कि घर के किस हिस्से की सफाई हो गई है और कहां सफाई करना बाकी है। वहीं, नई चीजें खरीदने के बाद पुरानी चीजों का क्या करें, यह भी समझ नहीं आता। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो दिवाली की सफाई के साथ पुरानी चीजों के इस्तेमाल और घर सजाने के इन टिप्स की मदद से आप दिवाली की तैयारियां आसानी से कर सकते हैं।

Diwali Cleaning Checklist बनाकर आराम से करें सफाई

दिवाली की सफाई एक ही दिन में पूरी करने की कोशिश करने के बजाय इसे कमरे और काम के हिसाब से बांटकर एक चेकलिस्ट बना लें। इसके लिए सबसे पहले ऊपर से नीचे की ओर सफाई करें, ताकि पंखे और अलमारी जैसी ऊंची जगहों से गिरने वाली धूल दोबारा साफ किए गए फर्श पर न गिरे। इसके साथ ही ऐसा करने से दिवाली पास आने पर यह पता करना भी आसान होगा कि घर के किस हिस्से की सफाई हो चुकी है और कहां का काम बाकी है।

इसके लिए डायरी या मोबाइल-लैपटॉप पर घर के हर हिस्से के हिसाब से काम की सूची बनाएं। फिर अलग-अलग दिनों के लिए सफाई का समय तय करें। जैसे पहले दिन लिविंग रूम की सफाई का काम रखें। इस दिन सबसे पहले पंखे, लाइट, दीवारों के कोनों और फोटो फ्रेम पर जमी धूल साफ करें। इसके बाद सोफे के कुशन और कवर की सफाई करें। जरूरत हो तो कवर धो लें। टीवी यूनिट, सेंटर टेबल, शोपीस और अलमारियों को साफ करें। खिड़कियों के शीशे, जालियां और दरवाजों को भी साफ करें। आखिर में फर्श पर झाड़ू और पोछा लगाएं। इससे ऊपर की सफाई के दौरान गिरी धूल दोबारा साफ किए गए फर्श पर नहीं फैलेगी।

इसी तरह दूसरे दिन बेडरूम, तीसरे दिन किचन और फिर बाथरूम की सफाई का काम तय करें। आखिर में पूजा घर की सफाई करें। इस तरह हर दिन के हिसाब से काम बांटने से सफाई करना आसान होगा और कोई भी हिस्सा छूटेगा नहीं।

Diwali Cleaning के दौरान मिली पुरानी चीजों का क्या करें?

घर की सफाई करते समय कई ऐसी चीजें मिलती हैं, जिनका लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हुआ होता है। वहीं, नई चीजें खरीदने के बाद कई लोग पुरानी चीजों को स्टोर रूम में रख देते हैं। ऐसे में हर पुरानी चीज को फेंकने के बजाय उसका दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं। कुछ चीजों को DIY यानी खुद से सजाकर नया लुक दे सकते हैं या फिर अच्छी स्थिति में मौजूद सामान किसी जरूरतमंद को दान कर सकते हैं। जैसे पुरानी कांच की बोतलों और जार को साफ करके उनमें छोटे पौधे या सजावटी लाइट्स लगा सकते हैं। पुराने कपड़ों से कुशन कवर या दूसरे सजावटी सामान बना सकते हैं। वहीं, इस्तेमाल करने लायक पुराने कपड़े, खिलौने, किताबें और बर्तन जरूरतमंदों को दान कर सकते हैं। इससे घर में पुरानी चीजें इकट्ठा नहीं होंगी और वे किसी के काम भी आ जाएंगी।

Diwali Cleaning करते समय इन बातों का भी रखें ध्यान

  • सफाई के दौरान दस्ताने पहनें और जरूरत के अनुसार मास्क का इस्तेमाल करें।
  • सफाई वाले प्रोडक्ट्स के पैकेट पर दिए गए निर्देश पढ़कर ही उनका इस्तेमाल करें।
  • ब्लीच को सिरका, टॉयलेट क्लीनर या अमोनिया वाले क्लीनर के साथ न मिलाएं।
  • सफाई करते समय खिड़कियां और दरवाजे खुले रखें, ताकि कमरे में हवा आती-जाती रहे।
  • पंखे और बिजली की फिटिंग साफ करने से पहले बिजली का स्विच बंद कर दें।
  • सफाई का काम एक साथ पूरा करने के बजाय अलग-अलग दिनों में बांट लें। इससे थकान कम होगी और हर कमरे की सफाई ठीक से हो सकेगी।

Diwali पर घर की सफाई के बाद ऐसे सजाएं घर

घर की सफाई पूरी होने के बाद सजावट की तैयारी शुरू करें। सजावट करते समय ध्यान रखें कि घर सुंदर दिखने के साथ सुरक्षित और व्यवस्थित भी रहे। इसके लिए लिविंग रूम को सजाते समय सोफे पर साफ और रंगीन कुशन कवर लगाएं। सेंटर टेबल पर फूलों का गुलदस्ता रखें या किसी बड़े बर्तन में पानी भरकर उसमें फूलों की पंखुड़ियां और फ्लोटिंग कैंडल रख दें। दीवारों और खिड़कियों के आसपास फेयरी लाइट्स लगाएं। वहीं, बेडरूम को नया लुक देने के लिए साफ और सुंदर बेडशीट और तकियों के कवर लगाएं। कमरे में हल्के रंगों की लाइट्स या छोटे सजावटी सामान का इस्तेमाल करें। ड्रेसिंग टेबल और बेडसाइड टेबल को व्यवस्थित रखें। इसके बाद किचन को साफ और व्यवस्थित करें, ताकि पूजा के लिए प्रसाद और भोग तैयार करने में आसानी हो। आखिर में मुख्य दरवाजे और बालकनी को सजाएं। दरवाजे पर फूलों का तोरण लगाने के साथ ही मेन गेट के पास रंगोली बनाएं और बालकनी में गमलों और लाइट्स से सजावट करें। लेकिन ध्यान दें कि बिजली की झालर लगाते समय तारों और प्लग की स्थिति जरूर जांच लें। खराब या कटे हुए तारों का इस्तेमाल न करें।

Updated on:
31 Oct 2026, 1:14 PM IST
Published on: