लाइफस्टाइल

दीपावली के बाद दीये, लाइट्स और सजावट का सामान कैसे रखें सुरक्षित? जानें रीयूज और स्मार्ट स्टोरेज टिप्स

Diwali Decoration Reuse Ideas: दिवाली के बाद दीये, लाइट्स और सजावट के सामान को कैसे स्टोर करें, ताकि अगले साल भी इन्हें बिना खराब हुए आसानी से दोबारा इस्तेमाल किया जा सके? आइए जानते हैं इससे जुड़े सफाई, रीयूज और स्मार्ट स्टोरेज के आसान टिप्स।
5 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 9:09 AM IST
Diwali Decoration Reuse Ideas
Diwali Decoration Reuse Ideas (representative image) image credit gemini

Diwali Decoration Storage Tips: दिवाली पर घर को सजाने के लिए लोग दीये, रंग-बिरंगी लाइट्स, झालर, फूल और कई तरह का सजावट का सामान खरीदते हैं। त्योहार खत्म होने के बाद अक्सर समझ नहीं आता कि इस सामान का क्या करें। कुछ लोग इसे जल्दबाजी में किसी डिब्बे में भरकर रख देते हैं, जिससे अगले साल तक सामान खराब हो जाता है। ऐसे में अगर आप भी दिवाली की सजावट के सामान को अगले साल दोबारा इस्तेमाल करने के लिए उसे सुरक्षित रखने के आसान हैक्स और टिप्स खोज रहे हैं, तो यहां बताए गए तरीके आपके काम आ सकते हैं।

दिवाली के बाद सजावट का सामान कैसे समेटें? घर को व्यवस्थित रखने के लिए अपनाएं ये आसान तरीके

  • दिवाली के बाद सबसे पहले घर में लगे सजावट के सामान को एक-एक करके उतारें और सभी चीजों को अलग-अलग रखें। इससे अगले साल सामान ढूंढने में परेशानी नहीं होगी।
  • कांच के दीये, सजावटी बोतलें और दूसरे टूटने वाले सामान को पुराने कपड़े, अखबार या पेपर में लपेटकर रखें। इससे इनके टूटने का खतरा कम होगा।
  • जूते, गिफ्ट या ऑनलाइन सामान के पुराने डिब्बों को फेंकने के बजाय सजावट का सामान रखने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • जिस डिब्बे में जो सामान रखा है, उसके ऊपर उसका नाम लिख दें। जैसे दीये, लाइट्स, फूलों की सजावट या पूजा का सामान। इससे अगले साल सामान निकालना आसान रहेगा।

दिवाली की लाइट्स और झालर को सुरक्षित कैसे रखें? दोबारा इस्तेमाल के लिए अपनाएं ये जरूरी उपाय

दिवाली के बाद लाइट्स और झालर को सही तरीके से रखना जरूरी है। अगर इन्हें बिना समेटे किसी डिब्बे में डाल दिया जाए, तो तार आपस में उलझ सकते हैं और खिंचने से खराब भी हो सकते हैं। इसलिए इन्हें रखने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखें।

  • लाइट्स को समेटने से पहले स्विच बंद करें और प्लग को सॉकेट से निकाल दें। लाइट्स पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही उन्हें हाथ लगाएं।
  • देखें कि कहीं तार कटा हुआ, जला हुआ या खुला तो नहीं है। खराब तार वाली लाइट्स को दोबारा इस्तेमाल न करें। उन्हें खुद जोड़ने या टेप लगाकर चलाने से बचें।
  • तारों को किसी पुराने कार्डबोर्ड या खाली रील के चारों ओर हल्के हाथ से लपेट सकते हैं। इससे वे आपस में उलझेंगे नहीं।
  • अगर सजावट में बैटरी से चलने वाली लाइट्स इस्तेमाल की हैं, तो उन्हें स्टोर करने से पहले बैटरी निकाल दें। इससे बैटरी के लीक होने से लाइट खराब होने का खतरा कम होगा।
  • लाइट्स को ऐसी जगह रखें जहां नमी न हो। पानी और ज्यादा गर्मी से दूर रखना जरूरी है, ताकि तारों की प्लास्टिक परत खराब न हो।

दिवाली के बाद बचे फूलों और रंगोली के सामान का क्या करें? रीयूज और सही निपटान के लिए जानें आसान तरीके

दिवाली की सजावट में फूलों और रंगोली का खास इस्तेमाल होता है। त्योहार के बाद घर में गेंदे की माला, फूलों की पंखुड़ियां और रंगोली का बचा हुआ सामान रह जाता है। इन्हें सीधे कूड़े में डालने के बजाय सही तरीके से इस्तेमाल या अलग किया जा सकता है।

  • फूलों से बनाएं खाद: सूखे और ताजे फूलों को अलग करके कंपोस्ट यानी घर में बनने वाली जैविक खाद में डाल सकते हैं। इससे पौधों के लिए खाद तैयार करने में मदद मिलेगी।
  • ताजे फूलों का दोबारा इस्तेमाल करें: अगर फूल अभी भी ताजे हैं, तो उन्हें किसी कटोरी में पानी के साथ रखकर घर की सजावट में इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, मुरझाए या खराब फूलों को दोबारा सजावट में न लगाएं।
  • रंगोली का सामान अलग करें: अगर आपने चावल के आटे, हल्दी या फूलों की पंखुड़ियों से रंगोली बनाई थी, तो इन्हें अलग-अलग इकट्ठा करें। साफ और बिना किसी केमिकल वाले सामान को ही दोबारा इस्तेमाल कर सकते है।
  • प्लास्टिक को अलग रखें: रंगोली में इस्तेमाल हुई प्लास्टिक की चमकी, थर्माकोल या दूसरी गैर-जैविक चीजों को फूलों और पत्तियों के साथ न मिलाएं। इन्हें अलग करके स्थानीय कचरा नियमों के अनुसार फेंकें।

दिवाली के बाद मिट्टी के दीयों को साफ करके दोबारा कैसे करें रीयूज? जानें सफाई और इस्तेमाल के आसान टिप्स

  • दिवाली पर घर में मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं। त्योहार के बाद कई दीये ऐसे बच जाते हैं, जिन्हें थोड़ी सी सफाई और DIY तरीके अपनाकर दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।
  • दिवाली के बाद बचे हुए दीयों को अगले दिन पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद उनमें बचा हुआ तेल और जमी हुई कालिख किसी पुराने कपड़े या पेपर से साफ कर लें।
  • दीयों को साफ करने के बाद, बिना पेंट और सजावट वाले मिट्टी के दीयों को हल्के साबुन वाले पानी से साफ कर सकते हैं। इन्हें ज्यादा देर तक पानी में भिगोकर न रखें।
  • अगर दीयों पर रंग, शीशे या दूसरी सजावट लगी है, तो उन्हें पानी से धोने के बजाय सूखे या हल्के गीले कपड़े से साफ करें। इससे उनका रंग और सजावट खराब नहीं होगी।
  • साफ करने के बाद दीयों को पूरी तरह सूखने दें। उनमें नमी रहने पर फफूंद लग सकती है या मिट्टी कमजोर हो सकती है।
  • दीयों को पुराने कपड़े, टिश्यू पेपर या अखबार में लपेटकर किसी मजबूत डिब्बे में रखें और अगले साले अपने पंसद के अनुसार इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि इनके ऊपर भारी सामान न रखा हो।

फर्श, दीवारों और फर्नीचर की सफाई के लिए अपनाएं ये टिप्स

दिवाली के दौरान घर में मेहमानों का आना-जाना, पकवान बनाना और दीये जलाना लगा रहता है। ऐसे में सजावट का सामान हटाने के बाद आप घर की सफाई के लिए यहां दिए गए टिप्स फॉलो कर सकते हैं।

  • फर्श की सफाई करें: सबसे पहले फर्श पर गिरे तेल और पटाखों से फैले कचरे को अच्छी तरह साफ करें। इसके बाद टाइल्स या मार्बल के अनुसार सही क्लीनर का इस्तेमाल करते हुए पोछा लगाएं।
  • दीवारों के दाग हटाएं: दीवारों पर तेल के निशान हों, तो हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा-सा डिशवॉश लिक्विड मिलाकर मुलायम कपड़े से निशानों को धीरे-धीरे पोंछें।
  • फर्नीचर को साफ करें: लकड़ी के फर्नीचर को सूखे या हल्के गीले मुलायम कपड़े से साफ करें। पानी सीधे फर्नीचर पर न डालें। कांच की मेज और दूसरी सतहों के लिए उनके हिसाब से क्लीनर इस्तेमाल करें।

अगले साल दिवाली की तैयारी आसान बनाने के लिए अपनाएं ये स्मार्ट स्टोरेज टिप्स, सजावट का सामान रहेगा सुरक्षित

अगर आप चाहते हैं कि अगले साल दिवाली पर सजावट का सामान ढूंढने और उसे ठीक करने में ज्यादा समय न लगे, तो अभी से उसकी सही पैकिंग कर लें। कुछ छोटी-छोटी आदतें अगले साल आपका काम आसान कर सकती हैं।

  • पारदर्शी डिब्बे चुनें: सजावट के सामान को पारदर्शी डिब्बों में रखने से बाहर से ही पता चल जाता है कि अंदर क्या रखा है। बार-बार सभी डिब्बे खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
  • नमी से बचाकर रखें: सजावट के सामान को साफ करने के बाद अच्छी तरह सुखा लें। इसके बाद इसे ऐसी जगह रखें जहां बारिश का पानी, सीलन या ज्यादा गर्मी न पहुंचे। नमी से कपड़े, कागज और मिट्टी के सामान खराब हो सकते हैं।
  • छोटी चीजों के लिए अलग बॉक्स रखें: झालर के छोटे हुक, सजावट के क्लिप, बैटरी और दूसरे छोटे सामान को अलग डिब्बे या पाउच में रखें।
  • पुराने सामान को नया लुक दें: अगले साल सजावट करने से पहले पुराने दीयों को नए रंग से सजा सकते हैं। कपड़े की पुरानी झालर या बंदनवार को साफ करके दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • खराब सामान को स्टोर न करें: जो लाइट्स, तार या सजावट के सामान खराब हो चुके हैं, उन्हें अगले साल के लिए रखकर जगह न घेरें। खराब इलेक्ट्रिक सामान को सुरक्षित तरीके से अलग करें और स्थानीय कचरा नियमों के अनुसार उसका निपटान करें।
Updated on:
10 Nov 2026, 9:09 AM IST
Published on: