
Hotel Magnifying Mirror Uses: होटल के कमरों में आपने अक्सर बड़े-बड़े शीशे लगे देखे होंगे। ये शीशे कमरे की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ तैयार होने के बाद पूरा लुक देखने में भी मदद करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि कई होटलों के कमरे और बाथरूम में बड़े शीशे के साथ एक छोटा गोल शीशा भी लगा होता है? कई लोग इसका इस्तेमाल करते हैं, जबकि कुछ लोग इसे सिर्फ एक एक्स्ट्रा एक्सेसरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि होटल में बड़े शीशे होने के बावजूद यह छोटा गोल शीशा क्यों लगाया जाता है।
होटल के बाथरूम में लगा छोटा गोल शीशा एक मैग्निफाइंग मिरर होता है। जहां सामान्य शीशा आपका पूरा चेहरा दिखाता है, वहीं यह शीशे चेहरे के किसी हिस्से को बड़ा करके दिखाता है। इसकी मदद से छोटी-छोटी चीजें भी साफ नजर आती हैं, जिससे बारीकी काम करना आसान हो जाता है।
यह शीशा खास तौर पर शेविंग, आइब्रो बनाना, आईलाइनर लगाना, कॉन्टैक्ट लेंस पहनना और चेहरे की बारीकी से जांच करने जैसे कामों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा यह जिन लोगों की नजर कमजोर होती है या जिन्हें छोटी चीजें साफ देखने में परेशानी होती है, उनके लिए यह मिरर काफी मददगार साबित होता है।
यह छोटा मिरर दीवार से जुड़े एक मूवेबल आर्म पर लगा होता है। इसकी वजह यह है कि हर व्यक्ति अपनी जरूरत के हिसाब से इसे अपनी तरफ खींच सकता है, ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं घुमा सकता है। इस्तेमाल के बाद इसे वापस दीवार की तरफ मोड़ दिया जाता है। इससे बाथरूम में अलग से जगह भी नहीं घिरती और अलग-अलग हाइट वाले लोग भी इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं।
यह शीशा काफी उपयोगी होता है, लेकिन इसे लगाने, साफ रखने और समय-समय पर इसकी देखभाल करने में अतिरिक्त खर्च आता है। यही वजह है कि ज्यादातर बजट होटल इसे नहीं लगाते। वहीं, लग्जरी और बिजनेस होटल अपने मेहमानों को बेहतर सुविधा देने के लिए इसे बाथरूम का हिस्सा बनाते हैं।