लाइफस्टाइल

क्या आईलाइनर लगाने से छोटी दिखने लगती हैं आंखें? जानें कैसे करें सही तरीके से आई मेकअप

Eyeliner Tips: अच्छा मेकअप करने के बाद भी कई बार आंखें खूबसूरत नहीं दिखतीं। इसकी वजह मेकअप की तकनीक नहीं, बल्कि आंखों के आकार के हिसाब से सही मेकअप का चुनाव न करना हो सकता है। ऐसे में अगर आपको भी आईलाइनर लगाने में परेशानी होती है, तो यहां दिए गए आसान टिप्स फॉलो कर सकती हैं।
3 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 10:00 PM IST
eyeliner tips, eye makeup
Small Eyes के लिए Eyeliner Tips (Representative Image) Image Credit Magnific

Small Eyes Makeup Tips: डार्क और स्मोकी आई मेकअप के वीडियो या फोटो देखने के बाद ज्यादातर महिलाएं सोचती हैं कि आंखें बड़ी दिखानी हैं तो लाइनर मोटा और गहरा लगाना चाहिए। लेकिन ऐसा करने से कुछ लोगों की आंखें और छोटी लगने लगती हैं। ऐसा क्यों होता है और इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए, आइए जानते हैं। आईलाइनर से जुड़ी कुछ छोटी लेकिन जरूरी बातों का ध्यान रखकर आप अपने पंसद के हिसाब से परफेक्ट आईलाइनर लगा सकती हैं।

लाइनर लगाने से आंखें छोटी क्यों दिखने लगती हैं

आंख के ऊपर पलक का जितना हिस्सा दिखता है, आंख उतनी बड़ी लगती है। मोटा लाइनर लगाने से पलक का ज्यादा हिस्सा ढक जाता है। इसलिए अपनी आंखों की शेप और साइज के हिसाब से ही लाइनर लगाना चाहिए।

सही लाइनर चुनना भी जरूरी है

अगर आप पहली बार आईलाइनर लगाने की सोच रही हैं या अभी ठीक से नहीं लगा पाती हैं, तो अपने लिए सही लाइनर चुनें।

  • पेंसिल या काजल पेंसिल: शुरुआत करने वालों के लिए सबसे आसान है। गलती हो जाए तो स्मज करके ठीक कर सकते हैं।
  • जेल लाइनर: थोड़ी प्रैक्टिस हो पर गहरी लाइन के लिए इसे इस्तेमाल कर सकती है।
  • लिक्विड या पेन लाइनर: पतली और साफ लाइन के लिए और विंग बनाने के लिए इसे इस्तेमाल कर सकती हैं।

परफेक्ट लाइनर लगाने के लिए फॉलो करें ये ट्रिक्स

ट्रिक 1: ऊपर की पलक पर पतली लाइन

लाइनर को पलकों की जड़ के जितना पास हो सके, उतना पास लगाएं और मोटाई कम रखें। इससे पलक का खुला हिस्सा दिखता रहता है और आंख की शेप भी उभरती है। ऑफिस या कॉलेज जैसे रोज के मेकअप के लिए ये अच्छा तरीका है।

टिप: एक लंबी लाइन खींचने की जगह छोटे-छोटे स्ट्रोक में लाइन बनाएं। इससे हाथ कम कांपता है और लाइन सीधी आती है।

ट्रिक 2: बाहर के कोने पर फ्लिक बनाएं

पूरी आंख पर एक जैसी मोटी लाइन लगाने की जगह बाहर वाले कोने पर लाइन थोड़ी सी बढ़ा दें। इससे आंख थोड़ी लंबी और ऊपर उठी हुई दिखती है। ये बड़ा विंग नहीं होना चाहिए, छोटी और हल्की फ्लिक बनाएं।

ट्रिक 3: नीचे की लाइन हल्की रखें

अगर आप आईलाइनर के साथ नीचे की पलक पर भी मेकअप करना चाहती हैं, तो गहरी काली लाइन की जगह ब्राउन पेंसिल इस्तेमाल करें। इसके बाद लाइन को उंगली या छोटे ब्रश से हल्का स्मज कर दें। ध्यान रहे कि पूरी निचली पलक की जगह सिर्फ बाहर वाले एक तिहाई हिस्से पर लगाएं। इससे आंख में बैलेंस रहता है और वो दबी हुई नहीं लगती।

ट्रिक 4: वॉटरलाइन पर न्यूड या बेज पेंसिल लगाएं

नीचे की पलक के अंदर वाले किनारे (वॉटरलाइन) पर न्यूड या बेज पेंसिल लगाने से आंखें फ्रेश और खुली दिखती हैं।

ट्रिक 5: टाइटलाइनिंग

टाइटलाइनिंग का मतलब है ऊपर की पलकों के बीच, जड़ों में लाइनर लगाना। लाइन बाहर से नजर नहीं आती, पर पलकें घनी लगती हैं और आंखें डिफाइन होती हैं। साथ ही पलक का खुला हिस्सा भी नहीं ढकता। इसे करने के लिए ऊपर की पलक को हल्के से ऊपर उठाएं और पेंसिल से लैश लाइन के बीच की खाली जगह भरें। जल्दबाजी न करें। चाहें तो इसके बाद ऊपर पतली लाइन भी लगा सकती हैं।

ट्रिक 6: मस्कारा लगाना न भूलें

कई बार आंखें बड़ी दिखाने में लाइनर से ज्यादा फर्क मस्कारा का एक कोट कर देता है। इसके लिए पलकों को कर्ल करके हल्का सा मस्कारा लगाएं। इससे पलकें ऊपर उठेंगी और आंखें खुली लगेंगी।

आंखों की शेप के हिसाब से चुनें आईलाइनर लुक

  • हुडेड आंखें: पतली लाइन और छोटी सी फ्लिक ठीक रहती है। ऊपर की मोटी लाइन से बचें।
  • राउंड आंखें: बाहर के कोने को हल्का लंबा करें। हल्का विंग अच्छा लगता है।
  • आलमंड शेप आंखें: इन पर लगभग हर स्टाइल चल जाता है।
  • छोटी आंखें: पतली लैश लाइन और न्यूड वॉटरलाइन रखें।

आईलाइनर लगाते समय होने वाली आम गलतियां

  • पूरी आंख के चारों तरफ मोटा काला लाइनर लगाना
  • ऊपर की ऐसी मोटी लाइन, जो पलक को ढक ले
  • नीचे वॉटरलाइन पर गहरा काला काजल लगाना
  • छोटी आंखों पर बहुत बड़ा विंग बनाना
  • मस्कारा बिल्कुल न लगाना

इन बातों का भी रखें ध्यान

  • नया प्रोडक्ट पहली बार लगा रही हैं, तो पहले हाथ के पीछे या कान के पीछे पैच टेस्ट करें।
  • आंखों के प्रोडक्ट शेयर करने से इन्फेक्शन फैल सकता है, इसलिए मेकअप शेयर करने से बचें।
  • मस्कारा और लिक्विड लाइनर को आमतौर पर 3 से 6 महीने में बदल देना चाहिए। इसके लिए पैकिंग पर लिखी एक्सपायरी डेट देखें।
  • सोने से पहले मेकअप हटा दें।
  • अगर आंख में लालिमा, दर्द, पानी आना, सूजन या जलन हो, तो मेकअप तुरंत बंद करें और डॉक्टर को दिखाएं।
Updated on:
18 Nov 2026, 10:00 PM IST
Published on:
Also Read
View All