How To Clean TV screen: अगर आप टीवी के धुंधले या गंदे दिखने की वजह से उसे गलत तरीके से साफ करते हैं, तो आप अनजाने में ही उसे खराब कर सकते हैं। इसलिए, टीवी को सही तरीके से साफ करना बेहद जरूरी है। आइए, आज के इस लेख में जानते हैं कि टीवी को सही तरीके से कैसे साफ करते हैं।
TV Screen Saaf Karne Ka Tarika: आजकल के समय में जितनी अच्छी पिक्चर और साउंड क्वालिटी वाली टीवी मिल रही हैं, उतनी ही ये नाजुक भी होती हैं। इन पर थोड़ा भी दबाव पड़ने पर स्क्रीन खराब हो सकती है, जिसे रिपेयर करवाने में भारी-भरकम खर्च आता है। ऐसे में अगर आपके घर में स्मार्ट टीवी है और आप उसे पास में पड़े किसी भी कपड़े से साफ कर देते हैं, तो सावधान हो जाएं। आपकी अनजाने में की गई यह गलती टीवी को खराब कर सकती है या उस पर हमेशा के लिए निशान पड़ सकते हैं।
टीवी की चमक और उसकी लाइफ बनाए रखने के लिए सही तरीके से सफाई करना बहुत जरूरी है। इसलिए आज के इस लेख में हम टीवी को सुरक्षित रखने के कुछ टिप्स बताने जा रहे हैं, जिन्हें फॉलो करके आप अपनी टीवी को लंबे समय तक नया जैसा बनाएं रख सकते हैं।
टीवी साफ करने के लिए पास में रखे किसी भी कपड़े के बजाय माइक्रोफाइबर क्लॉथ जैसे सुरक्षित कपड़े का ही इस्तेमाल करें। ये कपड़े बहुत ही बारीक रेशों से बने होते हैं, जो स्क्रीन को बिना खरोंच पहुंचाए धूल और गंदगी को साफ करने में मदद करते हैं। अगर आपके पास माइक्रोफाइबर क्लॉथ नहीं है, तो ध्यान रखें कि आप चश्मे या कैमरे के लेंस साफ करने वाले कपड़े की तरह ही किसी भी मुलायम कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन कभी भी तौलियों जैसे किसी भी मोटे कपड़े से टीवी साफ न करें, क्योंकि ये स्क्रीन पर छोटे-छोटे स्क्रैच डाल सकते हैं, जो धीरे-धीरे जमा होकर स्क्रीन को धुंधला बना देते हैं।
टीवी की सफाई में सबसे बड़ी गलती लोग ग्लास क्लीनर, विनेगर, या एल्कोहल और अमोनिया वाले स्प्रे का इस्तेमाल करके करते हैं। ये केमिकल टीवी की ऊपरी प्रोटेक्टिव लेयर को धीरे-धीरे खत्म कर देते हैं, जिससे स्क्रीन पर परमानेंट निशान पड़ सकते हैं। इसके अलावा, कीटाणुनाशक वाइप्स या रफ पेपर टॉवल का इस्तेमाल भी न करें। ये चीजें न केवल स्क्रीन की चमक कम करती हैं, बल्कि टीवी की बनावट को भी नुकसान पहुंचा सकती हैं, खासकर अगर आपके पास OLED जैसी स्क्रीन वाली टीवी है।
टीवी को सही तरीके से साफ करने के लिए सबसे पहले उसे पूरी तरह बंद कर दें और ठंडा होने दें। फिर, सफाई करने के लिए एक सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से सबसे पहले धूल साफ करें। इसके बाद, अगर स्क्रीन पर जिद्दी दाग या फिंगरप्रिंट्स हैं, तो सीधे स्क्रीन पर लिक्विड न छिड़कें, क्योंकि नमी टीवी के अंदर जाकर अंदरूनी पार्ट्स को खराब कर सकती है। इसकी जगह, माइक्रोफाइबर कपड़े को थोड़े से डिस्टिल्ड वॉटर से हल्का सा नम करें और हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए सफाई करें। अगर दाग ज्यादा सख्त हैं, तो आप पानी में नाममात्र का डिश सोप मिला सकते हैं, लेकिन घोल को हमेशा कपड़े पर ही स्प्रे करें, सीधे स्क्रीन पर कभी न करें और न ही हाथ से रगड़ें।
ये भी पढ़ें