
Flying Beast and Mau (screenshot) image credit instagram/__pusshhhh_
Gaurav Taneja: फिटनेस क्रिएटर और यूट्यूबर गौरव तनेजा, जिन्हें फ्लाइंग बीस्ट (Flying Beast) के नाम से भी जाना जाता है, इन दिनों अपने पालतू कुत्ते Mau की मौत की खबर को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। Mau लंबे समय तक गौरव तनेजा के व्लॉग्स में नजर आता था, इसलिए उनके फॉलोअर्स भी उससे काफी परिचित थे। फिटनेस कंटेंट क्रिएटर पुष्पेंद्र चौधरी ने इंस्टाग्राम पर कुछ पोस्ट शेयर कर Mau की मौत का दावा किया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग कई तरह के सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि कुत्ता एडॉप्ट करने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और अपने मालिक से दूर होने पर कुत्ते के व्यवहार पर क्या असर पड़ सकता है।
पालतू कुत्ता लंबे समय तक अपने मालिक, घर और परिचित माहौल से जुड़ा रहता है। ऐसे में मालिक से अलग होने पर कुछ कुत्तों में तनाव और अलगाव से जुड़ी चिंता दिखाई दे सकती है। रॉयल सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (RSPCA) के अनुसार, इसके संकेतों में लगातार भौंकना या रोना, बेचैनी में इधर-उधर घूमना, कांपना, तेज हांफना, ज्यादा लार आना और खाना न खाना शामिल हो सकते हैं। कुछ मामलों में कुत्ते खुद को नुकसान पहुंचाने वाला व्यवहार भी कर सकते हैं, जैसे पंजे को जरूरत से ज्यादा चाटना या पूंछ को काटना। हालांकि, हर कुत्ते की प्रतिक्रिया एक जैसी नहीं होती और व्यवहार में बदलाव के पीछे दूसरी वजहें भी हो सकती हैं। इसलिए अगर किसी कुत्ते के व्यवहार में अचानक बदलाव आए या वह लगातार तनाव में दिखाई दे, तो पशु चिकित्सक से सलाह लेना जरूरी है।
रॉयल सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (RSPCA) के मुताबिक, कुत्ता एडॉप्ट करना लंबे समय की जिम्मेदारी है। इसलिए डॉग चुनते समय उसकी उम्र, साइज, स्वभाव और उसकी जरूरतों के साथ अपने घर और लाइफस्टाइल का भी ध्यान रखना चाहिए। यह देखना जरूरी है कि आप उसे रोजाना एक्सरसाइज, ट्रेनिंग, साथ और सुरक्षित रहने की जगह दे सकते हैं या नहीं। अगर आप किराए के घर में रहते हैं तो पहले यह भी पता कर लें कि वहां कुत्ता रखने की अनुमति है या नहीं। घर में बच्चे या पहले से कोई दूसरा पालतू जानवर है तो उनके साथ नए कुत्ते सही से रह पाएगा या नहीं इस बात पर भी ध्यान देना चाहिए। इसके अलावा कुत्ते के खाने, ग्रूमिंग और पशु चिकित्सक से जुड़ी देखभाल के खर्च को भी पहले से समझ लेना जरूरी है।
फिटनेस क्रिएटर पुष्पेंद्र चौधरी ने इंस्टाग्राम पर कुछ पोस्ट शेयर कीं। इनमें Mau की तबीयत, उसके खानपान और रहने की जगह को लेकर सवाल उठाए है।वीडियो में दावा किया गया कि Mau की तबीयत खराब थी और उसने खाना छोड़ दिया था। यह भी कहा गया कि उसे मेरठ के एक अस्पताल ले जाया गया था और आगे के इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की सलाह दी गई थी। इसके अलावा 26 और 27 जुलाई 2026 की तारीख वाली कुछ व्हाट्सऐप बातचीत के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए गए। एक पोस्ट में 26 जुलाई 2026 को Mau की मौत होने की बात कही गई।
Mau पहले गौरव तनेजा के पारिवारिक व्लॉग्स का हिस्सा रहा था। ऐसे में उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने Mau के इलाज, उसकी देखभाल और उसके रहने की स्थिति को लेकर सवाल पूछे। हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आई इन बातों से यह तय नहीं किया जा सकता कि Mau की मौत की असली वजह क्या थी या उसके आखिरी दिनों में उसके साथ वास्तव में क्या हुआ।
Mau की मौत से जुड़ी चर्चा के बीच कुछ यूजर्स गौरव तनेजा के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर जाकर भी सवाल पूछ रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक सोशल मीडिया पर सामने आए इन दावों और सवालों को लेकर गौरव तनेजा की ओर से कोई सार्वजनिक जवाब सामने नहीं आया है।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट और सोशल मीडिया पर उपलब्ध सार्वजनिक जानकारी के आधार पर लिखा गया है। इसमें शामिल सोशल मीडिया पर किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पत्रिका इन दावों की पुष्टि नहीं करता है।
Updated on:
22 Sept 2026 12:15 pm
Published on:
22 Sept 2026 11:09 am
बड़ी खबरें
View Allलाइफस्टाइल
ट्रेंडिंग
स्वास्थ्य
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
