
Bridal Mehndi Tips: शादी की डेट फिक्स होने के बाद हल्दी, मेहंदी, संगीत जैसे फंक्शन का इंतजार हर दुल्हन को रहता है। ऐसे में अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक न हो, तो मूड ऑफ हो जाता है। अगर आपकी भी जल्द मेहंदी है और रंग कैसा चढ़ेगा, इसे लेकर आपको टेंशन हो रही है, तो यहां दिए गए टिप्स को फॉलो कर सकती हैं। मेहंदी का रंग चढ़ना स्किन और मेहंदी की क्वालिटी जैसी कई चीजों पर निर्भर करता है। आइए जानते हैं कि मेहंदी का रंग गहरा चढ़ने के लिए किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और क्या कर सकते है।
मेहंदी का रंग कितना चढ़ेगा, ये इस बात पर भी निर्भर करता है कि मेहंदी की क्वालिटी कैसी है। असली मेहंदी को मेहंदी के पौधे की पत्तियों से बनाया जाता है। रचने के बाद असली मेहंदी का रंग धीरे-धीरे गहरा होता है और कई दिनों तक हाथों पर अच्छा दिखता है। वहीं केमिकल से बनी नकली मेहंदी लगाने के कुछ देर बाद ही गाढ़ा काला रंग देने लगती है और छूटते समय रंग हल्का होने के बजाय परत की तरह उतरने लगता है। इसलिए दुकान से मेहंदी खरीदने के बजाय आप किसी भरोसेमंद होमेड मेहंदी बनाने वाले दुकान, मेहंदी आर्टिस्ट से ले सकती हैं या खुद घर पर भी तैयार कर सकती हैं।
बाजार में मिलने वाली कुछ मेहंदी में केमिकल होते हैं, जिनके इस्तेमाल से स्किन पर जलन, खुजली और कभी-कभी लंबे समय तक रहने वाले निशान तक पड़ सकते हैं। इसलिए बहुत पुराना कोन हो तो उसे न लें। इसके साथ ही अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या आपको पहले कभी एलर्जी हुई है, तो मेहंदी की थोड़ी सी मात्रा कलाई के पास लगाकर पैच टेस्ट जरूर करें।
अक्सर लोग सोचते हैं कि मेहंदी शादी के दिन के जितनी करीब लगे, उतना अच्छा। लेकिन रंग को रचने में 24 से 48 घंटे लग सकते हैं। इसलिए शादी से एक या दो दिन पहले मेहंदी की रस्म रखना सही रहता है।
मेहंदी के गहरे रंग के लिए नींबू-चीनी का घोल अच्छा माना जाता है। थोड़ा नींबू का रस और चीनी मिलाकर हल्का चिपचिपा घोल बना लें। जब मेहंदी ऊपर से सूखने लगे, तब रुई की मदद से इसे धीरे-धीरे लगा दें। इससे मेहंदी हाथों पर ज्यादा देर टिकी रहती है और झड़ती कम है, जिससे रंग गहरा आ सकता है। लेकिन ध्यान दें, अगर हाथों पर कहीं कट लगा है या जलन वाला हिस्सा है, तो वहां नींबू न लगाएं।
मेहंदी जितनी देर स्किन पर रहती है, रंग उतना गहरा बनता है। इसलिए कम से कम 4 से 6 घंटे मेहंदी को रखें और हो सके तो रात भर भी रहने दें। रात में सोते समय हाथों पर सूती कपड़े के दस्ताने या हल्का कपड़ा पहन लें, ताकि चादर खराब न हो। वहीं प्लास्टिक का इस्तेमाल करते समय उसे बहुत कसकर न बांधें, वरना पसीना आने से डिजाइन बिगड़ सकता है।
मेहंदी लगवाने के बाद केयर तो ज्यादातर लोग करते हैं, लेकिन सबसे बड़ी गलती ये होती है कि मेहंदी सूखने के बाद उसे पानी से धो देते हैं। ऐसा करने से बचें। मेहंदी सूख जाए तो चम्मच, क्रेडिट कार्ड जैसी किसी चीज से या हाथ से हल्के-हल्के हटाएं। इसके बाद कम से कम 10 से 12 घंटे हाथों को पानी से दूर रखने की कोशिश करें। इसके बाद थोड़ा सा सरसों का तेल या कोई हल्का बाम लगा सकती हैं।
कुछ लोग मेहंदी उतारने के बाद हाथों को हल्के गर्म तवे पर लौंग डालकर उसकी भाप दिखाते हैं। माना जाता है कि गर्माहट मेहंदी का रंग उभारने में मदद करती है। लेकिन यह सावधानी से करें।