लाइफस्टाइल

Medicine खरीदते समय इन 10 बातों का रखें ध्यान, नकली दवा से बचने में मिलेगी मदद 

How To Identify Fake Medicine: कई बार दवा का पूरा कोर्स लेने के बाद भी बीमारी ठीक नहीं होती है। ऐसे में डॉक्टर को दिखाने पर पता चलता है कि दवा नकली थी। आइए जानते हैं दवा खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
2 min read
Aug 18, 2026
Genuine Medicine, Fake Medicine
Medicine

Medicine Buying Tips: दवा खरीदते समय सिर्फ उसका नाम और कीमत देखना ही काफी नहीं होता। कई बार नकली दवाइयां भी असली दवा जैसी दिखाई दे सकती हैं और उन्हें पहचानना आसान नहीं होता। ऐसे में दवा खरीदने से पहले उसकी पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट चेक करने के साथ ही कुछ जरुरी चीजों को भी चेक करना जरूरी होता है जिससे नकली दवा की खरीदारी से बच पाएं । आइए जानते हैं दवा खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

भरोसेमंद जगह से ही खरीदें

दवा हमेशा भरोसेमंद और लाइसेंस प्राप्त फार्मेसी, क्लीनिक, अस्पताल या अधिकृत मेडिकल स्टोर से खरीदें। बिना जानकारी वाले, ज्यादा डिस्काउंट देने वाले या संदिग्ध जगह से दवा खरीदने से बचना चाहिए।

सही वेबसाइट से करें खरीदारी

अगर आप ऑनलाइन दवा खरीद रहे हैं तो वेबसाइट की जानकारी जरूर जांचें। ऐसी वेबसाइट से सावधान रहें, जिस पर फिजिकल एड्रेस या लैंडलाइन नंबर की जानकारी न दी गई हो।

पैकेजिंग का भी रखें ध्यान

दवा का पैकेट फटा हुआ, खराब या खुला हुआ नहीं होना चाहिए। पैकेजिंग पर किसी तरह की छेड़छाड़ दिखाई दे तो दवा खरीदने से बचें। साथ ही नाम और दूसरी जानकारी में स्पेलिंग या भाषा संबंधी गलतियां भी जांचें।

बैच नंबर देखना भी है जरूरी

दवा के पैकेज पर दिए गए बैच नंबर को ध्यान से देखें। अगर दवा की अंदरूनी और बाहरी पैकेजिंग पर बैच नंबर दिया गया है तो दोनों का एक जैसा होना जरूरी है।

एक्सपायरी डेट चेक करें

दवा खरीदते समय मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट जरूर देखें। बाहरी और अंदर की पैकेजिंग पर दी गई तारीखों की जानकारी भी एक दूसरे से मेल खानी चाहिए।

सही तरीके से स्टोर हुई है या नहीं

दवा खरीदते समय यह भी ध्यान रखें कि उसे सही तापमान और उचित परिस्थितियों में स्टोर किया गया हो। बहुत ज्यादा गर्मी, नमी या सीधी धूप में रखी गई दवा की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। पैकेज पर दिए गए स्टोरेज निर्देशों को जरूर देखें और उसी के अनुसार दवा को रखें।

सही दवा और सही डोज भी देखें

ऑनलाइन या ऑफलाइन दवा लेने के बाद यह जरूर जांचें कि आपको वही दवा मिली है जो डॉक्टर ने बताई है। दवा का नाम और उसकी डोज सही है या नहीं, इसे पैकेज पर दी गई जानकारी से मिलाएं।

दवा के रंग और स्मेल में बदलाव

दवा का रंग सामान्य से बदला हुआ दिखाई दे या उसमें असामान्य गंध आ रही हो तो ऐसी दवा लेने से बचें।

बहुत कम कीमत देखकर दवा न खरीदें

अगर किसी वेबसाइट या विक्रेता पर दवा सामान्य कीमत से बहुत कम दाम में मिल रही है या दो दवाओं के साथ एक मुफ्त जैसी संदिग्ध पेशकश की जा रही है तो सावधान रहें।

डॉक्टर से संपर्क करें

अगर दवा लेने के बाद वह अपेक्षित तरीके से असर नहीं कर रही है या कोई असामान्य प्रतिक्रिया हो रही है तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में जल्द से जल्द डॉक्टर या फार्मासिस्ट से संपर्क करें।

Updated on:
18 Aug 2026 12:08 pm
Published on:
18 Aug 2026 12:02 pm