
Monsoon Indoor Plant Care Tips: बारिश का मौसम पौधों के विकास के लिए काफी अच्छा माना जाता है। इस समय पौधों की ग्रोथ तेजी से होती है और वे ज्यादा हरे भरे नजर आते हैं। लेकिन अगर सही देखभाल न की जाए तो ज्यादा पानी, खराब ड्रेनेज और फंगस की वजह से पौधे खराब भी हो सकते हैं। ऐसे में अगर आप घर में इंडोर प्लांट लगाने जा रहे हैं तो किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, आइए जानते हैं।
कई बार गमले का ड्रेनेज होल बंद होने की वजह से पानी जमा होने लगता है। इससे पौधों की जड़ें सड़ने लगती हैं और पौधा सूख सकता है। इसलिए गमले में पौधा लगाने से पहले ड्रेनेज होल जरूर चेक करें, ताकि अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल सके।
इंडोर प्लांट को ज्यादा पानी और तेज धूप की जरूरत नहीं होती। इसलिए इन्हें घर में ऐसी जगह रखें, जहां तेज धूप या लगातार बारिश का पानी सीधे न पड़े।
गमले में मिट्टी भरते समय ध्यान रखें कि मिट्टी बहुत ज्यादा सख्त न हो। अगर मिट्टी सख्त होगी तो पानी आसानी से बाहर नहीं निकल पाएगा और जड़ें सड़ने लगेंगी। अगर आपको अच्छी जल निकास वाली मिट्टी नहीं मिल रही है तो उसमें थोड़ी रेत मिलाकर पौधा लगा सकते हैं। इससे मिट्टी हल्की रहेगी और पानी आसानी से निकल जाएगा। साथ ही पौधों की जड़ों के सड़ने का खतरा भी कम होगा।
अगर पौधों में सूखी, पीली या खराब पत्तियां हैं तो उन्हें हटा दें। इससे फंगस और दूसरी बीमारियों का खतरा कम होता है। जरूरत हो तो हल्की कटाई भी कर सकते हैं, ताकि पौधा ज्यादा घना बने।
गमले में अगर मिट्टी लंबे समय तक गीली रहती है तो फंगस लगने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में हल्दी पाउडर या पौधों के लिए इस्तेमाल होने वाली फंगीसाइड का उपयोग आप कर सकते है। इसके अलावा पौधों पर नीम का तेल समय समय पर स्प्रे करने से भी फंगस और कीड़ों का खतरा कम हो जाता है।