
Blood Stain Removal Tips: कपड़ों पर खून का दाग लग जाए, तो उसे जितनी जल्दी साफ किया जाए, उतना बेहतर रहता है। अगर दाग लंबे समय तक कपड़े पर लगा रहे, तो वह जिद्दी हो सकता है और उसे हटाना मुश्किल हो जाता है। वहीं, कुछ तरह के फैब्रिक में दाग तुरंत साफ करने के बाद भी हल्के निशान रह जाते हैं। ऐसे में अगर आपके कपड़ों पर भी खून का दाग लग गया है और समझ नहीं आ रहा कि उसे कैसे हटाएं, तो नीचे बताए गए तरीके अपनाकर इसे साफ किया जा सकता है।
अगर कपड़ों पर खून का दाग लगा है, तो सबसे पहले दाग वाली जगह पर नॉर्मल सलाइन (Normal Saline) डालें। सलाइन खून के दाग को ढीला करने में मदद करती है, जिससे उसे साफ करना आसान हो जाता है। सलाइन लगाने के बाद कपड़े को करीब 10 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें, ताकि वह दाग पर अच्छी तरह असर कर सके।
अगर दाग पुराना और जिद्दी हो गया है, तो उसे हटाने के लिए 1 लीटर पानी में 100 एमएल 5% सोडियम हाइपोक्लोराइट (Sodium Hypochlorite) मिलाकर कपड़े को 5 से 10 मिनट तक भिगो दें। वहीं, रंगीन कपड़ों का रंग सुरक्षित रखते हुए दाग हटाने के लिए 10 लीटर पानी में 300 एमएल केमिकल मिलाकर कपड़ों को 30 से 45 मिनट तक भिगोकर रखें। हालांकि, दाग की स्थिति के अनुसार इसमें कम या ज्यादा समय भी लग सकता है। दाग पूरी तरह निकल जाने के बाद कपड़ों को साफ पानी से 3 से 4 बार अच्छी तरह धो लें। इसके बाद सामान्य तरीके से वॉश करें, जिससे कपड़े की चमक और शाइनिंग भी बनी रहती है।
अक्सर लोग खून का दाग लगते ही साबुन और पानी से उसे जोर-जोर से रगड़ने लगते हैं। लेकिन ऐसा करने से कई बार दाग कपड़े के रेशों में और गहराई तक जम सकता है, जिससे बाद में उसे हटाना मुश्किल हो जाता है। इसलिए शुरुआत में दाग को रगड़ने के बजाय पहले उसे ढीला करने की कोशिश करें।