
Tamannaah Bhatia Look: फेस्टिव सीजन में अगर आप ट्रेडिशनल लुक के साथ स्टाइलिश अंदाज में तैयार होने के लिए इंस्पिरेशन खोज रही हैं, तो अभिनेत्री तमन्ना भाटिया के लेटेस्ट लुक से आइडिया ले सकती हैं। एक्ट्रेस ने हाल ही में मधुबनी कला से जुड़ी ओढ़नी के साथ अपनी तस्वीरें शेयर की हैं। इसके अलावा उनके अलग-अलग लुक्स में सफेद मेहंदी और खूबसूरत डिजाइन वाले मॉडर्न ब्लाउज भी देखने को मिले हैं। ऐसे में अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन में अपनी साड़ी को कुछ अलग अंदाज देना चाहती हैं, तो महंगी नई साड़ी खरीदने के बजाय अपनी पसंदीदा साड़ी पर मधुबनी कढ़ाई कर सकती हैं। आइए जानते हैं कि साड़ी पर मधुबनी कढ़ाई कैसे की जा सकती है और एक्ट्रेस के किन लेटेस्ट लुक्स से आइडिया लेकर आप मॉडर्न दिख सकती हैं।
अभिनेत्री ने मधुबनी ओढ़नी पहनी है, लेकिन अगर आप पूरी साड़ी पर कढ़ाई करना चाहती हैं, तो इसके लिए सबसे पहले सूती, लिनन या सिल्क की साड़ी चुनें। अगर आपके पास पहले से कोई सादी साड़ी है, तो उस पर भी मधुबनी डिजाइन तैयार किया जा सकता है। मधुबनी डिजाइन के लिए मछली, मोर, पेड़-पौधे, फूल, सूर्य या राधा-कृष्ण जैसे पारंपरिक चित्रों में से अपनी पसंद का डिजाइन चुनें। इसके बाद अपनी पसंद के हिसाब से पीला, नीला, लाल या हरा रंग चुनें। अगर आप हाथ से कढ़ाई करना चाहती हैं, तो पहले कागज पर डिजाइन बनाकर उसे हल्के हाथ से कपड़े पर उतारें। इसके बाद कपड़े को कढ़ाई वाले फ्रेम में लगाकर डिजाइन की बाहरी रेखा तैयार करें। अंदर की जगह को बारीक रेखाओं, फूल-पत्तियों या दूसरे छोटे पैटर्न से भरें। आखिर में साड़ी के किनारे पर बेल-बूटे या ज्यामितीय डिजाइन वाली बॉर्डर बनाएं। इस तरह साधारण साड़ी को घर पर ही अलग और पारंपरिक रूप दिया जा सकता है। ध्यान दें, अगर आपको कढ़ाई करना नहीं आता है या आप जल्दी तैयार करना चाहती हैं, तो आप धागे के बजाय कपड़े वाले पेंट से भी इसे तैयार कर सकती हैं।
अगर आप इस बार मेहंदी में भी कुछ अलग आजमाना चाहती हैं, तो पारंपरिक मेहंदी की जगह अभिनेत्री के जैसे सफेद मेहंदी लगा सकती हैं। इसके लिए आप अपनी पसंद के हाथों पर सफेद रंग के फूल, बेल, पत्तियां या छोटे पारंपरिक पैटर्न लगा सकती हैं।
अगर आप जल्द किसी पार्टी या फंक्शन में जाने के लिए ब्लाउज सिलवाने के लिए डिजाइन खोज रही हैं, तो आप एक्ट्रेस के जैसे ऑफ शोल्डर ब्लाउज या स्वीटहार्ट नेकलाइन ब्लाउज से आइडिया लेकर सिलवा सकती हैं।
फेस्टिव सीजन में घर में काम बढ़ने के साथ ही मेहमानों का भी स्वागत करना पड़ता है। ऐसे में आप एक्ट्रेस के जैसे बहुत ज्यादा मेकअप करने के बजाय हल्का मेकअप रख सकती हैं। बालों में लो बन बनाकर गजरा लगा सकती है या बालों को खुला भी रख सकती हैं। वहीं माथे पर छोटी बिंदी और आंखों में हल्का काजल लगाने के साथ ही गहनों को बहुत ज्यादा भारी रखने के बदले झुमके, चूड़ियां और हल्की सी चेन से अपने लुक को पूरा कर सकती हैं।