लाइफस्टाइल

राष्ट्रीय आम दिवस 2026: यूपी में होता है सबसे ज्यादा आम, जानें आमरस बनाने का तरीका

National Mango Day: राष्ट्रीय आम दिवस 2026 पर आइए जानते हैं कि देश के किस राज्य में सबसे ज्यादा आम होता है और वहां पके आम खाने के साथ-साथ कौन-सी पारंपरिक रेसिपी लोग सबसे ज्यादा खाना पसंद करते हैं।
3 min read
Jul 22, 2026
Aam Ki Launji Recipe, Uttar Pradesh Mango,
Aam Ki Launji Recipe (representative image) image credit chatgpt

National Mango Day 2026: आम को फलों का राजा कहा जाता है। इसे लोग पके खाने के साथ-साथ कच्चा भी खाना पसंद करते हैं। यही वजह है कि मैंगो लवर्स पूरे साल इस सीजन का बेसब्री से इंतजार करते हैं। हर साल 22 जुलाई को नेशनल मैंगो डे मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य आम के स्वाद, इसके स्वास्थ्यवर्धक गुणों और इतिहास के बारे में लोगों को जागरूक करना है। ऐसे में आइए जानते हैं कि देश में सबसे ज्यादा आम किस राज्य में होता है और वहां आम से बनने वाली पारंपरिक डिश कौन-सी है।

आम की खेती में नंबर वन है उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा आम उत्पादक राज्य है। पूरे भारत में होने वाले आम उत्पादन का 26.22 फीसदी हिस्सा अकेले यूपी से आता है। उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार, राज्य में हर साल करीब 61.96 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है, जिसे लगभग 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में उगाया जाता है।

उत्तर प्रदेश में कच्चे और पके आम से कई पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं। इनमें सबसे मशहूर रेसिपी कच्चे आम की लौंजी है, जिसे कई जगहों पर गुड़म्मा या अमझोरा के नाम से भी जाना जाता है। वहीं, पके हुए आम से बनने वाला आमरस भी लोगों की पसंदीदा डिश है।

आमरस बनाने की रेसिपी

आमरस बनाने के लिए सबसे पहले 3-4 अच्छी तरह पके और मीठे आम धोकर छील लें। इसके बाद आम का गूदा निकालकर मिक्सर जार में डालें। अगर आम कम मीठे हों, तो स्वादानुसार 2-3 चम्मच चीनी मिलाएं। साथ ही 2-3 चम्मच ठंडा दूध या थोड़ा-सा पानी और एक चुटकी इलायची पाउडर डालें। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए कुछ केसर के धागे भी मिला सकते हैं। अब सभी सामग्री को अच्छी तरह ब्लेंड कर लें, ताकि आमरस एकदम स्मूद हो जाए। इसके बाद इसे 30 मिनट के लिए फ्रिज में ठंडा होने रखें। तैयार आमरस को कटोरी में निकालें और ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करें। ठंडा-ठंडा आमरस पूरी, पराठे या डेजर्ट के रूप में सर्व करें।

नेशनल मैंगो डे पर जानें आम की लौंजी बनाने का तरीका

आम की लौंजी बनाने के लिए सबसे पहले 2-3 कच्चे आम छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें। एक कड़ाही में 2 चम्मच तेल गर्म करें और उसमें आधा चम्मच राई, आधा चम्मच सौंफ, थोड़ा-सा मेथी दाना, आधा चम्मच कलौंजी और चुटकी भर हींग का तड़का लगाएं। अब इसमें कटे हुए आम डालकर 2-3 मिनट भूनें। फिर स्वादानुसार नमक, आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर और 4-5 चम्मच गुड़ या चीनी डालें। इसके बाद आधा कप पानी मिलाकर धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक पकाएं, जब तक आम नरम होकर चाशनी हल्की गाढ़ी न हो जाए। आखिर में थोड़ा भुना जीरा पाउडर डालें और ठंडा होने दें। खट्टी-मीठी आम की लौंजी पूरी, पराठे या दाल-चावल के साथ सर्व करें।

800 से ज्यादा किस्मों के मिलते हैं आम

उत्तर प्रदेश में 800 से ज्यादा किस्मों के आम पाए जाते हैं। इनमें दशहरी, लंगड़ा, चौसा, लखनऊ सफेदा, रटौल और आम्रपाली जैसी किस्में देश ही नहीं, विदेशों में भी काफी पसंद की जाती हैं। खास तौर पर मलिहाबाद का दशहरी आम अपनी खुशबू और स्वाद के लिए दुनिया भर में मशहूर है।

इन जिलों में होती है सबसे ज्यादा आम की खेती

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का मलिहाबाद दशहरी आम के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। हालांकि, सहारनपुर, अमरोहा, मेरठ और मुरादाबाद भी राज्य के प्रमुख आम उत्पादक जिले हैं। इन इलाकों में बड़े पैमाने पर आम की खेती की जाती है और यहां की कई किस्मों की देश-विदेश में भी मांग रहती है।

Updated on:
22 Jul 2026 11:50 am
Published on:
22 Jul 2026 11:50 am