
Pumpkin Seed Oil for Hair: बालों की अच्छी सेहत और ग्रोथ के लिए लोग हेयर केयर में हेल्दी डाइट के साथ ही अच्छे हेयर केयर प्रोडक्ट्स और तेल का इस्तेमाल करते हैं। इन्हीं में से एक है कद्दू के बीज का तेल (Pumpkin Seed Oil)। इसमें मौजूद कुछ पोषक तत्व बालों की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। लेकिन क्या इस तेल के इस्तेमाल से बालों का झड़ना कम हो सकता है और क्या यह सभी के लिए फायदेमंद होता है? आइए जानते हैं कि कद्दू के बीज के तेल को हेयर केयर में शामिल करना चाहिए या नहीं और इससे जुड़ी जरूरी बातें।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, कद्दू के बीज का तेल एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है। इसमें विटामिन ई, ओमेगा-3 फैटी एसिड और लिनोलिक एसिड जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये तत्व बालों की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, कद्दू के बीज के तेल को लेकर हुई कुछ रिसर्च में बालों की ग्रोथ के लिए सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। खासकर इसके सप्लीमेंट को लेकर कुछ अध्ययन किए गए हैं। माना जाता है कि यह शरीर में DHT यानी डाइहाइड्रोटेस्टोस्टेरोन हार्मोन के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है। शरीर में DHT की अधिकता कुछ लोगों में बाल झड़ने की वजह बन सकती है। इसलिए कद्दू के बीज के तेल के सप्लीमेंट कुछ मामलों में बालों का झड़ना कम करने में मददगार हो सकते हैं। हालांकि, इसका असर हर व्यक्ति पर एक जैसा नहीं होता है।
बाल झड़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। स्कैल्प की सेहत, खानपान, शरीर में पोषक तत्वों की कमी और कुछ दवाओं का सेवन भी बालों के झड़ने को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में कद्दू के बीज का तेल हर तरह के हेयर लॉस का समाधान नहीं है।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, बालों की ग्रोथ एक धीमी प्रक्रिया है। कद्दू के बीज के तेल के इस्तेमाल से बालों का झड़ना कुछ समय में कम हो सकता है, लेकिन नए बालों की ग्रोथ में बदलाव देखने के लिए छह महीने से एक साल तक का समय लग सकता है।
कद्दू के बीज के तेल को सीधे बालों और स्कैल्प पर लगाने को लेकर भी रिसर्च हुई है। कुछ अध्ययनों में इससे बालों की ग्रोथ को बढ़ावा मिलने की संभावना दिखाई दी है, लेकिन ये अध्ययन इंसानों पर नहीं, बल्कि गैर-मानव मॉडल पर किए गए हैं।