
Diwali 2026 के लिए Gift Ideas (Representative Image) Image Credit Magnific
Diwali Gifts: दिवाली पर लोग घर की सफाई और सजावट के साथ ही दोस्तों, रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों के लिए दिवाली पार्टी भी कुछ लोग होस्ट करते हैं। इस मौके पर एक-दूसरे को गिफ्ट देकर त्योहार की शुभकामनाएं भी देते हैं। ऐसे में अगर आप भी इस दिवाली अपनों के लिए कोई ऐसा तोहफा तलाश रहे हैं, जो खूबसूरत होने के साथ उपयोगी भी हो और बजट में फिट बैठे, तो यहां दिए गए अलग-अलग बजट के गिफ्ट आइडियाज से मदद ले सकते हैं। इन तोहफों को दोस्तों, परिवार और रिश्तेदारों को देकर आप उनकी दिवाली को खास बना सकते हैं।
अगर आपका बजट 500 रुपए तक है, तो भी आप दिवाली पर अपनों को खूबसूरत और उपयोगी तोहफे दे सकते हैं। इस बजट में सजावटी दीये, खुशबूदार मोमबत्तियां, छोटे ड्राई फ्रूट पैक, चाय या कॉफी का छोटा गिफ्ट सेट और खूबसूरत मग अच्छे विकल्प हो सकते हैं। इसमें से आप अपने पसंद का गिफ्ट चुन के किसी दोस्त या रिश्तेदार को टेराकोटा के दीये, किसी को टी लाइट होल्डर या छोटा सा इनडोर प्लांट जैसे गिफ्ट दे सकते हैं। वहीं, बच्चों के लिए चॉकलेट या छोटा गेम भी अच्छा विकल्प हो सकता है। अगर आप तोहफे को थोड़ा खास बनाना चाहते हैं, तो उसके साथ एक छोटा सा शुभकामना कार्ड भी जोड़ सकते हैं।
500 से 1000 रुपए के बजट में आप ड्राई फ्रूट का छोटा हैंपर, प्रीमियम मिठाई का डिब्बा, सजावटी पीतल के दीये, सुगंधित मोमबत्तियों का सेट या खूबसूरत होम डेकोर आइटम दे सकते हैं। दोस्तों और परिवार के सदस्यों के लिए पर्सनलाइज्ड फोटो फ्रेम, कॉफी मग सेट, इनडोर प्लांट या होम फ्रेगरेंस सेट भी अच्छा विकल्प हो सकता है। अगर किसी को स्किनकेयर पसंद है, तो आप उनकी जरूरत के हिसाब से बॉडी केयर या स्किनकेयर गिफ्ट सेट भी दे सकते हैं।
अगर आप अपने माता-पिता, भाई-बहन या किसी खास रिश्तेदार को थोड़ा प्रीमियम गिफ्ट देना चाहते हैं, तो 1000 से 2000 रुपए के बजट में बड़ा ड्राई फ्रूट हैंपर, खूबसूरत टेबल लैंप, डेकोरेटिव वास, सर्विंग ट्रे या डिनरवेयर सेट चुन सकते हैं। इसके अलावा, घर सजाने का शौक रखने वालों के लिए होम डेकोर आइटम और रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें भी उपयोगी रहेंगी। गिफ्ट चुनते समय सामने वाले की पसंद और जरूरत का ध्यान जरूर रखें, ताकि आपका तोहफा उनके काम भी आए और उन्हें पसंद भी हो।
दिवाली पर मिठाई और ड्राई फ्रूट गिफ्ट करने का चलन काफी पुराना है। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल रहता है कि अपनों को मिठाई का डिब्बा दें या ड्राई फ्रूट हैंपर। इसका जवाब सामने वाले की पसंद और जरूरत पर निर्भर करता है। अगर आप किसी ऐसे व्यक्ति को गिफ्ट दे रहे हैं, जिसे पारंपरिक मिठाइयां पसंद हैं, तो काजू कतली, बेसन के लड्डू या ड्राई फ्रूट मिठाई का डिब्बा अच्छा विकल्प हो सकता है। वहीं, ड्राई फ्रूट पसंद करने वालों के लिए बादाम, काजू, पिस्ता, अखरोट और किशमिश का हैंपर चुन सकते हैं। अगर आपको पसंद नहीं पता तो आप चाहें तो मिठाई और ड्राई फ्रूट को मिलाकर एक छोटा सा गिफ्ट हैंपर भी तैयार कर सकते हैं। इससे तोहफा देखने में सुंदर भी लगेगा और उसमें वैरायटी भी रहेगी।
अगर आप इस दिवाली मिठाई या ड्राई फ्रूट से कुछ अलग गिफ्ट देना चाहते हैं, तो होम डेकोर और स्किनकेयर से जुड़े विकल्प चुन सकते हैं। घर सजाने के शौकीन लोगों के लिए डेकोरेटिव दीये, कैंडल होल्डर, टेबल लैंप, फूलदान, वॉल हैंगिंग और खूबसूरत प्लांटर अच्छे विकल्प हो सकते हैं। वहीं, स्किनकेयर पसंद करने वालों को फेस वॉश, मॉइस्चराइजर, बॉडी लोशन, हैंड क्रीम या बॉडी केयर गिफ्ट सेट दिया जा सकता है। हालांकि, स्किनकेयर प्रोडक्ट चुनते समय सामने वाले की त्वचा के प्रकार, पसंद और किसी संभावित एलर्जी का ध्यान रखें। अगर आपको उनकी स्किन टाइप की जानकारी नहीं है, तो सामान्य बॉडी केयर या हैंड केयर सेट चुनना बेहतर हो सकता है।
दिवाली पर गिफ्ट खरीदते समय सिर्फ उसकी कीमत या खूबसूरत पैकिंग ही नहीं, बल्कि सामने वाले की पसंद और जरूरत का भी ध्यान रखना चाहिए। कोई भी तोहफा तभी खास बनता है, जब वह व्यक्ति के काम आए और उसे पसंद भी हो। इसलिए गिफ्ट खरीदते समय इन बातों का ध्यान रखें।
Updated on:
31 Oct 2026, 9:31 PM IST
Published on:
31 Oct 2026, 9:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.