
Navratri Day 3 Red Outfit Ideas: नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। इस दिन लाल रंग के कपड़े पहनना कई लोगों को पसंद होता है। ऐसे में अगर आप भी इस दिन अपने परिवार के साथ गरबा नाइट में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं, तो रेड कलर के खूबसूरत आउटफिट्स चुन सकते हैं। आइए जानते हैं महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए कुछ रेड आउटफिट आइडियाज, जिनसे इंस्पिरेशन लेकर आप गरबा नाइट के लिए तैयार हो सकते हैं।
गरबा के लिए महिलाओं के बीच चनिया चोली और घेरदार लहंगा पहनना काफी ज्यादा पसंद किया जाता है। लाल रंग की मिरर वर्क चनिया चोली, रंगीन कढ़ाई वाला लहंगा या गोल्डन बॉर्डर वाली एथनिक ड्रेस चुन सकती हैं। इसके साथ ऑक्सीडाइज्ड झुमके, चूड़ियां और ट्रेडिशनल फुटवियर आपके लुक को पूरा कर सकते हैं। अगर आप थोड़ा मॉडर्न लुक चाहती हैं, तो लाल क्रॉप टॉप के साथ लॉन्ग स्कर्ट या इंडो वेस्टर्न सेट भी ट्राई कर सकती हैं। गरबा के लिए ऐसा आउटफिट चुनें, जिसमें आसानी से डांस कर सकें और बार-बार कपड़े संभालने की जरूरत न पड़े।
पुरुष नवरात्रि के तीसरे दिन लाल कुर्ते के साथ सफेद या क्रीम रंग का पायजामा पहन सकते हैं। अगर आप गरबा नाइट के लिए थोड़ा स्टाइलिश दिखना चाहते हैं, तो लाल कुर्ते के साथ एम्ब्रॉयडरी वाली जैकेट या कंट्रास्ट नेहरू जैकेट चुनें। लाल कुर्ता सफेद पायजामे, बेज ट्राउजर या क्रीम धोती के साथ अच्छा लग सकता है। इसके साथ पारंपरिक मोजड़ी या आरामदायक एथनिक फुटवियर पहन सकते हैं। अगर आप ज्यादा हैवी लुक नहीं चाहते, तो सादा लाल कुर्ता और हल्के रंग का बॉटम भी अच्छा विकल्प है।
नवरात्रि में बच्चों को लाल रंग के ट्रेडिशनल कपड़ों में तैयार करने के लिए लड़कियों के लिए लाल लहंगा चोली, फ्रॉक या हल्का एथनिक सेट चुन सकती हैं। वहीं, लड़कों के लिए लाल कुर्ता पायजामा, कुर्ते के साथ जैकेट या कॉटन का ट्रेडिशनल सेट अच्छा विकल्प हो सकता है। बच्चों के कपड़े चुनते समय उनके आराम का ध्यान रखना जरूरी है। बहुत भारी कढ़ाई, चुभने वाले कपड़े या ऐसी एक्सेसरीज से बचें, जिनसे उन्हें खेलने और डांस करने में परेशानी हो। उनके लिए आरामदायक फुटवियर और हल्के कपड़े बेहतर रहेंगे।
अगर आप अपने पार्टनर के साथ गरबा नाइट में शामिल होने जा रहे हैं, तो मैचिंग रेड आउटफिट ट्राई कर सकते हैं। महिला लाल लहंगा या चनिया चोली पहन सकती हैं, जबकि पुरुष उसी रंग का कुर्ता या लाल डिटेलिंग वाली जैकेट चुन सकते हैं। जरूरी नहीं कि दोनों के कपड़े बिल्कुल एक जैसे हों। एक जैसे रंग या मिलते-जुलते एम्ब्रॉयडरी पैटर्न से भी अच्छा कॉम्बिनेशन बनाया जा सकता है।
अगर आप पूरे परिवार के साथ गरबा खेलने जा रहे हैं, तो सभी के लिए लाल रंग या उससे मिलते-जुलते शेड्स के कपड़े चुन सकते हैं। महिलाएं लाल लहंगा या सूट, पुरुष कुर्ता-पायजामा और बच्चे लाल रंग के एथनिक आउटफिट पहन सकते हैं। इसके अलावा लाल, क्रीम और गोल्डन जैसे मिलते-जुलते रंगों का कॉम्बिनेशन भी अच्छा लग सकता है।