लाइफस्टाइल

बाजार जैसी कुरकुरी नमकीन मूंगफली बनाने के लिए फॉलो करें Salted Peanut Recipe 

Roasted Salted Peanut Recipe: अगर आप मूंगफली से बनने वाली कोई स्वादिष्ट रेसिपी खोज रहे हैं, तो बिना तेल और मसालों के बनने वाली Salted Peanut Recipe ट्राई कर सकते हैं।
2 min read
Aug 01, 2026
Crispy Roasted Peanuts, Salted Peanut Recipe
Salted Peanut/image credit instagram/bhumika536

Vrat Wali Moongfali Recipe: बाजार में मिलने वाली भुनी हुई नमकीन मूंगफली चाय के साथ या स्नैक्स के रूप में खाना बहुत से लोगों को पसंद होता है। लेकिन व्रत के दिनों में कई लोग इसे इसलिए नहीं खाते, क्योंकि उन्हें यह नहीं पता होता कि इसे किस तरह तैयार किया गया है।

ऐसे में अगर आपने भी सावन का व्रत रखा है और चाय के साथ खाने के लिए ऐसा नमकीन स्नैक बनाना चाहते हैं, जो जल्दी खराब न हो, ज्यादा तेल वाला भी न हो और कई दिनों तक कुरकुरा बना रहे, तो घर पर रोस्टेड साल्टेड पीनट आसानी से बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का सही तरीका और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

रोस्टेड साल्टेड पीनट बनाने के लिए मूंगफली उबालें

सबसे पहले मूंगफली को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इसे सिर्फ 80 प्रतिशत तक उबालें। ध्यान रखें कि मूंगफली को पूरी तरह नहीं पकाना है। अगर यह ज्यादा उबल जाएगी, तो भूनने के बाद कुरकुरी नहीं बनेगी।

मूंगफली को सुखाएं

मूंगफली उबलने के बाद उसका सारा पानी निकाल दें। अब इसे किसी सूती कपड़े या छलनी में फैलाकर पूरी तरह सूखने दें। अगर इसमें थोड़ी भी नमी रह जाएगी, तो भूनते समय यह अच्छी तरह नहीं सिकेगी और कुरकुरी भी नहीं बनेगी।

नमक में धीमी आंच पर भूनें

एक मोटे तले की कढ़ाई में पर्याप्त मात्रा में नमक डालकर धीमी आंच पर गर्म करें। जब नमक अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब उसमें सूखी हुई मूंगफली डाल दें। अब इसे लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर भूनें। कुछ देर बाद मूंगफली का बचा हुआ पानी भी निकल जाएगा और यह अच्छी तरह सिककर कुरकुरी हो जाएगी।

नमक से मूंगफली को करें अलग

जब मूंगफली अच्छी तरह भुन जाए, तो छलनी की मदद से इसे नमक से अलग कर लें। इसके बाद इसे पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडी होने के बाद मूंगफली और भी ज्यादा कुरकुरी हो जाती है।

इन बातों का रखें ध्यान

  • मूंगफली को पूरी तरह न उबालें, सिर्फ 80 प्रतिशत तक ही पकाएं।
  • भूनने से पहले मूंगफली का पूरी तरह सूखना जरूरी है।
  • हमेशा धीमी आंच पर ही भूनें, ताकि मूंगफली अंदर तक अच्छी तरह सिक जाए।
  • मूंगफली पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें। इससे यह कई दिनों तक कुरकुरी बनी रहती है।

नोट: अगर आप यह मूंगफली खास तौर पर व्रत में खाने के लिए बना रहे हैं, तो इसमें उसी नमक का इस्तेमाल करें, जिसका सेवन आप व्रत के दौरान करते हैं।

Updated on:
01 Aug 2026 10:40 am
Published on:
01 Aug 2026 10:40 am