लाइफस्टाइल

सफेद शर्ट, कुर्ती और बच्चों की व्हाइट यूनिफॉर्म धोते समय अपनाएं ये 5 टिप्स, बनी रहेगी नई जैसी चमक

How To Wash White Clothes: अगर आप सफेद कपड़ों को घर पर ही ड्राई क्लीन जैसे धोना चाहते हैं, तो यहां बताए गए टिप्स को फॉलो करके बड़ी आसानी से उन्हें साफ और चमकदार बना सकते हैं।
2 min read
Jul 31, 2026
How To Wash White Clothes, White Clothes Cleaning At Home
White Clothes Washing Tips (representative image) image credit gemini

Safed Kapde Kaise Dhoye: सफेद कपड़े मशीन या हाथ से धोने के बाद भी पीले नजर आते हैं या उन पर दाग-धब्बे रह जाते हैं। सिर्फ इसी वजह से अगर आप उन्हें ड्राई क्लीन के लिए देते हैं, तो कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करके आप बड़े आसानी से घर पर ही सफेद कपड़ों को अच्छी तरह साफ कर सकते हैं। साथ ही सही तरीके से कलफ लगाकर उन्हें नई जैसी चमक और शानदार फिनिश भी दे सकते हैं। आइए जानते हैं सफेद कपड़ों को घर पर कैसे धोना चाहिए, जिससे उनकी चमक हमेशा बनी रहे।

कपड़ों को सही से भिगोएं

सफेद कपड़ों को धोने के लिए सबसे पहले एक बाल्टी या टब में इतना पानी भरें, जिसमें कपड़े आसानी से डूब जाएं। अब इसमें एक अच्छा डिटर्जेंट डालकर अच्छी तरह घोल लें। इसके बाद पानी के अनुसार फैब्रिक व्हाइटनर मिलाएं। यह सफेद कपड़ों पर लगे जिद्दी दाग-धब्बों और पीलेपन को हटाने में मदद करता है। अब कपड़ों को इस घोल में डुबोकर करीब 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे कपड़ों में जमी गंदगी और दाग नरम हो जाते हैं, जिन्हें साफ करना आसान हो जाता है।

ब्रश का करें इस्तेमाल

30 मिनट बाद कपड़ों को निकालकर उन हिस्सों पर ब्रश करें, जहां सबसे ज्यादा गंदगी जमा होती है। जैसे शर्ट के कॉलर, कफ, जेब और बाजुओं पर अच्छी तरह ब्रश करें। वहीं पैंट के निचले हिस्से की भी अच्छी तरह सफाई करें। ध्यान रखें कि पूरे कपड़े पर हल्के हाथ से ब्रश करें, ताकि दाग आसानी से निकल जाएं और कपड़ा भी खराब न हो।

साफ पानी से धोएं

कपड़ों को ब्रश से साफ करने के बाद उन्हें दो से तीन बार साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि उनमें मौजूद डिटर्जेंट और अन्य सफाई वाले पदार्थ पूरी तरह निकल जाएं। इससे कपड़े पूरी तरह साफ हो जाएंगे।

सफेदी बढ़ाने के लिए नील का करें इस्तेमाल

अब एक बाल्टी में साफ पानी लें और उसमें दो बूंद नील डाल के घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि नील ज्यादा मात्रा में न डालें। अधिक नील डालने से कपड़ों पर नीलापन आ सकता है। सही मात्रा में नील इस्तेमाल करने से धूप में सूखने के बाद कपड़ों की सफेदी और चमक पहले से बेहतर नजर आती है।

कलफ लगाएं

अगर आप चाहते हैं कि शर्ट, कुर्ता या दूसरे सफेद कपड़े सुखने के बाद प्रेस किए हुए और सख्त दिखें, तो आखिर में उन पर कलफ लगाएं। इसके लिए पहले तैयार कलफ को अच्छी तरह छान लें, ताकि उसमें कोई गांठ न रहे। अगर हल्का कलफ चाहिए, तो उसमें थोड़ा पानी मिला लें, जबकि ज्यादा सख्त फिनिश के लिए गाढ़ा कलफ तैयार करें। अब कपड़े को पूरी तरह कलफ के घोल में डुबोएं, फिर हाथ से हल्के-हल्के अतिरिक्त पानी निकालें। इसके बाद कपड़ों को धूप में सुखाएं। अच्छी धूप मिलने पर कपड़ों में शानदार चमक आती है और कलफ भी अच्छी तरह सेट हो जाता है। कपड़े पूरी तरह सूख जाने के बाद उन्हें प्रेस करें। इससे कपड़े बिल्कुल प्रोफेशनल ड्राई क्लीन जैसी फिनिश देते हैं।

Updated on:
31 Jul 2026 05:19 pm
Published on:
31 Jul 2026 05:14 pm