
Street Style Bhutta and Butter Garlic Corn Recipe: बारिश के दिनों में सड़क किनारे ठेले पर मिलने वाला गरमा-गरम मसाले वाला भुट्टा खाने का अपना अलग ही मजा होता है। ऐसे में अगर इस मानसून सीजन बारिश होने पर आप घर पर ही स्ट्रीट स्टाइल भुट्टा खाना चाहते हैं, तो यहां बताई गई रेसिपी को फॉलो करके इसे बड़ी आसानी से बना सकते हैं। आइए, शेफ प्रतिक से जानते हैं कि स्ट्रीट स्टाइल भुट्टा घर पर कैसे बना सकते हैं। इसके साथ ही अगर आप कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो बटर-गार्लिक कॉर्न रेसिपी भी बना सकते हैं। इन दोनों रेसिपी की खास बात यह है कि इन्हें आप बहुत आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं। साथ ही, खाने वाले भी तारीफ किए बिना रह नहीं पाएंगे।
अगर आपको देसी फ्लेवर पसंद है, तो आप इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं। शेफ प्रतिक द्वारा शेयर की गई रेसिपी के अनुसार, इसे बनाने के लिए सबसे पहले लाल मिर्च में एक चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इस मिश्रण को पूरे भुट्टे पर अच्छी तरह लगा दें। इसके बाद भुट्टे को गैस पर रोस्ट करें। अगर आपके पास लकड़ी या कोयले की आग पर सेंकने का मौका हो, तो इसका स्वाद और भी ज्यादा बढ़िया आएगा।
जब भुट्टा अच्छी तरह रोस्ट हो जाए, तब एक बाउल में नमक, काला नमक, चाट मसाला और लाल मिर्च पाउडर मिलाकर तैयार रखें। अब एक नींबू को बीच से काटें, उस पर यह मसाला लगाएं और उसी नींबू की मदद से पूरे भुट्टे पर मसाला अच्छी तरह लगा दें। इससे भुट्टे में खट्टा, तीखा और चटपटा स्वाद आ जाएगा। गरमागरम रोस्टेड भुट्टा तुरंत सर्व करें।
अगर आप एक ही तरह का भुट्टा खाकर बोर हो गए हैं और इसे थोड़ा अलग अंदाज में खाना चाहते हैं, तो बटर-गार्लिक कॉर्न ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले भुट्टे को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और इन टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें।
अब दूसरे पैन में बटर गर्म करें। इसमें दरदरा कुटा हुआ लहसुन डालें और हल्का सा भून लें। इसके बाद टोमैटो कैचप, नमक, सेजवान चिली, चिली फ्लेक्स, ओरिगैनो या मिक्स्ड हर्ब्स और बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर एक स्वादिष्ट सॉस तैयार करें। जब सॉस अच्छी तरह तैयार हो जाए, तब इसमें फ्राई किए हुए भुट्टे के टुकड़े डालें और अच्छे से कोट कर लें, ताकि हर टुकड़े पर सॉस की परत अच्छी तरह चढ़ जाए। इसके बाद इसे गरमागरम सर्व करें।