
Viral Lipstick Hack: लिपस्टिक मेकअप का अहम हिस्सा मानी जाती है, क्योंकि अगर बिना मेकअप के भी सही शेड की लिपस्टिक लगा ली जाए, तो चेहरा खिला-खिला नजर आता है। वहीं, फुल मेकअप करने के बाद भी अगर गलत लिपस्टिक शेड चुन लिया जाए, तो पूरा लुक खराब हो सकता है। इसी से जुड़ा एक हैक इन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आइए जानते हैं कि इस हैक की मदद से अपने लिए परफेक्ट लिपस्टिक शेड का पता कैसे लगाया जा सकता है। साथ ही यह भी जानेंगे कि लिपस्टिक लगाने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
सोशल मीडिया पर वायरल ब्यूटी हैक के अनुसार, आप अपनी उंगली को दबाकर पता लगा सकते हैं कि आपके लिए कौन-सा लिपस्टिक शेड सबसे बेहतर हो सकता है। इसके लिए सबसे पहले अपनी एक उंगली के अगले हिस्से (फिंगरटिप) को कुछ सेकंड के लिए हल्के से दबाएं। दबाव हटाने के बाद उंगली पर जो गुलाबी या हल्का लाल रंग दिखाई देता है, उसे आपके होंठों के नेचुरल टोन के करीब माना जाता है। दावा किया जाता है कि इसी रंग से मिलता-जुलता लिपस्टिक शेड चुनने पर वह आपके चेहरे पर ज्यादा नेचुरल और खूबसूरत दिखाई देता है।
अगर होंठ रूखे या फटे हुए हैं, तो लिपस्टिक लगाने से पहले उन्हें अच्छी तरह मॉइस्चराइज करें। इसके लिए लिप बाम का इस्तेमाल करें और कुछ मिनट बाद अतिरिक्त प्रोडक्ट को हल्के हाथों से साफ कर लें। इससे लिपस्टिक स्मूद तरीके से लगती है और लंबे समय तक टिकने में भी मदद मिलती है।
लिपस्टिक लगाने से पहले चाहें तो लिप लाइनर से होंठों की आउटलाइन बना लें। इसके बाद होंठों के बीच से लिपस्टिक लगाना शुरू करें और धीरे-धीरे किनारों की ओर बढ़ें। अच्छे फिनिश के लिए लिप ब्रश का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही पहली लेयर लगाने के बाद टिश्यू से हल्के हाथों से प्रेस करें और फिर दूसरी लेयर लगाएं। इससे लिपस्टिक का रंग ज्यादा अच्छा दिखता है और वह लंबे समय तक टिकी रहती है।
अगर होंठों पर डेड स्किन जमा हो गई है, तो सप्ताह में एक बार हल्के स्क्रब से उन्हें साफ किया जा सकता है। इससे होंठ मुलायम बने रहते हैं और लिपस्टिक भी ज्यादा खूबसूरत नजर आती है। इसके साथ ही पर्याप्त पानी पिएं और होंठों को बार-बार दांतों से काटने या खींचने की आदत से बचें।