लखनऊ

अब यूपी में AAP का स्कूल ठीक करो अभियान, संजय सिंह ने दिखाए सरकारी स्कूलों के वीडियो, जारी किया हेल्पलाइन नंबर

School Theek Karo Abhiyan: उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की बदहाली उजागर करने के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने 'स्कूल ठीक करो' अभियान शुरू करते हुए जनता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। आप सांसद संजय सिंह ने लोगों से बदहाल स्कूलों के वीडियो भेजने की अपील की।
2 min read
Aug 22, 2026
AAP MP Sanjay Singh, School Theek Karo Abhiyan UP, Gen Z Protest, UP News
आम आदमी पार्टी ने यूपी में शुरू किया स्कूल ठीक करो अभियान (फोटो- IANS)

AAP MP Sanjay Singh:उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों की लचर व्यवस्था और बदहाली को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अब प्रदेशव्यापी 'स्कूल ठीक करो अभियान' की शुरुआत कर दी है। पार्टी का मुख्य उद्देश्य इस अभियान के जरिए प्रदेश के उन सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत जनता के सामने लाना है जहां छात्र आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। अभियान के पहले चरण में आम आदमी पार्टी ने वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों के बदहाल स्कूलों के वीडियो जारी कर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।

जारी किया हेल्पलाइन नंबर

स्कूलों की असल स्थिति जानने के लिए आम आदमी पार्टी ने इस अभियान में आम जनता की भागीदारी भी सुनिश्चित की है। इसके तहत पार्टी की ओर से एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 838292809 जारी किया गया है। पार्टी के अनुसार इस नंबर पर प्रदेश का कोई भी व्यक्ति अपने इलाके के बदहाल स्कूल का वीडियो बनाकर आसानी से भेज सकता है। वीडियो प्राप्त होने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता तुरंत उस व्यक्ति से संपर्क करेंगे और उस स्कूल की आवाज को मजबूती के साथ उठाएंगे।

स्कूलों की सच्चाई लाएंगे सामने- संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस अभियान को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। संजय सिंह ने कहा कि पिछले कई दिनों से देश के बच्चे अपने हक और स्कूलों की बदहाली को लेकर सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। आज के समय में देश की राजनीति में शिक्षा और स्कूल एक बहुत बड़ा मुद्दा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के स्कूलों की असली तस्वीर दिखाने के लिए ही आम आदमी पार्टी ने यह अभियान शुरू किया है।

कायाकल्प योजना के दावों पर उठाए सवाल

संजय सिंह ने योगी सरकार की कायाकल्प योजना पर भी कड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार सरकारी स्कूलों के कायाकल्प का दावा करती रही है लेकिन सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि अगर कायाकल्प योजना के जरिए स्कूलों की हालत सच में सुधर गई है तो फिर सरकार स्कूलों की वास्तविक स्थिति दिखाने से क्यों डर रही है? उन्होंने साफ कहा कि आम आदमी पार्टी इन झूठे दावों की पोल खोलने के लिए वीडियो की एक पूरी सीरीज चलाएगी।