लखनऊ

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, ड्राइवर को झपकी आते ही डिवाइडर से टकराई बस, एक की मौत, 17 गंभीर

Uttar Pradesh News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने से यात्रियों से भरी बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 17 यात्री घायल हुए, जबकि एक घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
2 min read
Aug 17, 2026
Expressway Accident
एक की मौत, 17 लोग गंभीर रूप से घायल (AI Photo)

Agra Lucknow Expressway Bus Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कानपुर से गुरुग्राम जा रही यात्रियों से भरी स्लीपर बस ड्राइवर को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे। जिसमें 17 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस और यूपीडा की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान चलाया और फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

चालक को आई झपकी, डिवाइडर से टकराई बस

पुलिस के मुताबिक, बस करीब 60 यात्रियों को लेकर कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी। रविवार रात करीब दो बजे फतेहाबाद थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर बीच के डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे, जिससे उन्हें चोटें आईं।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा (AI Photo)

शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला, हादसे में 1 की मौत

हादसे की जानकारी मिलते ही यूपीडा की टीम और फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत कर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। वहीं, दो यात्री बस के नीचे फंसे हुए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया।

घायलों को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद भेजा गया वहीं, गंभीर हालत में कुछ घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया। इनमें से एक घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चालक और परिचालक मौके से गायब

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से उठाया गया और ओवरटेकिंग लेन में खड़ा कराया गया। इससे एक्सप्रेसवे पर यातायात दो लेन से चलता रहा और रास्ते को पूरी तरह बंद नहीं करना पड़ा। बस में यात्रियों का जो सामान डिग्गी में था, उसे लेने के लिए कुछ यात्री मौके पर रुके रहे। बाकी यात्रियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके पर नहीं मिले।

Updated on:
17 Aug 2026 10:20 am
Published on:
17 Aug 2026 10:20 am