लखनऊ

‘कांग्रेस-बीजेपी एक ही सिक्के के दो पहलू’, आकाश आनंद बोले- सीएम योगी के राज में पुलिस की आड़ में गुंडाराज चल रहा है

Akash Anand Statement: बसपा नेता आकाश आनंद ने हाथरस से मिशन-2027 का आगाज करते हुए योगी सरकार, कांग्रेस और सपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को ‘अंकल’ कहकर तंज कसा। साथ ही कांग्रेस-बीजेपी को एक ही सिक्के के दो पहलू बताया।
2 min read
Aug 11, 2026
Akash Anand
बसपा नेता आकाश आनंद (IANS Photo)

UP Election 2027: बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सोमवार को हाथरस के सादाबाद से अपनी सियासी सक्रियता का आगाज किया। लंबे समय बाद यूपी में जनसभा करने पहुंचे आकाश आनंद ने योगी सरकार पर कानून व्यवस्था, एनकाउंटर, आरक्षण, और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला।

आजाद समाज ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दोनों नेताओं को ‘अंकल’ कहकर तंज कसा। हालांकि, आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।

यूपी में पुलिस की वर्दी की आड़ में गुंडाराज चल रहा है

आकाश आनंद ने अपनी रैली में उत्तर प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने एनकाउंटर और पुलिस व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सीएम योगी को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट का तमगा बहुत पसंद है। लेकिन सच्चाई ये है कि पूरे यूपी में पुलिस की वर्दी की आड़ में गुंडाराज चल रहा है।

आकाश आनंद ने आगे कहा कि भाजपा सरकार में गरीब, दलित, पिछड़े और व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई, सरकारी स्कूलों के बंद होने और महंगी योजनाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस-बीजेपी एक ही सिक्के के दो पहलू- आनंद

आकाश आनंद ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के नेता जनता के बीच आएंगे और उन्हें लुभाने की कोशिश करेंगे। आकाश आनंद ने कांग्रेस को बीजेपी के साथ घेरते हुए कहा कि कांग्रेस हो या बीजेपी दोनों ही एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। बीजेपी जिन नीतियों पर काम कर रही है, कांग्रेस शासित राज्यों में भी उसी तरह सत्ता चलाई जा रही है।

आनंद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये आपके सामने आकर लाल किताब का ढिंढोरा पिटेंगे, बोलेंगे हम संविधान के रक्षक हैं। वो किताब गलती से खुल जाए तो पता चले वो खाली पन्ने हैं। बस नाम का संविधान है। वो किताब भी उनकी तरह ही है अंदर से खाली। बाहर से ढ़ोंग करने के लिए बहुत अच्छी है।

अखिलेश के PDA पर आकाश का तंज

आकाश आनंद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के PDA को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने अखिलेश यादव को अंकल कहकर तंज कसा। आकाश ने कहा कि हमारे अखिलेश अंकल को कुछ समझ में ही नहीं आता, वो अपनी पार्टी में पीडीए-पीडीए कहते हैं, कभी पीडीए का मतलब कुछ और हो जाता है और कभी कुछ और।

आरक्षण और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी उठाए

बसपा नेता ने आरक्षण, पेपर लीक और निर्माण योजनाओं में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और एक्सप्रेसवे निर्माण को लेकर भी हमला बोला। आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव में जनता को सरकार के कामकाज का हिसाब लेना चाहिए।

Updated on:
11 Aug 2026 11:33 am
Published on:
11 Aug 2026 11:33 am