लखनऊ

UP Politics: अखिलेश यादव का BJP पर हमला! कहा- निष्पक्ष चुनाव में कोई सीट नहीं जीत पाएगी भाजपा सरकार

UP Politics News: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर चुनाव निष्पक्ष और ईमानदारी से हों तो भाजपा कोई सीट नहीं जीत सकती।
2 min read
Sep 20, 2025
akhilesh yadav attacks bjp fair elections education issues up politics
UP Politics: अखिलेश यादव का BJP पर हमला! Image Source - 'X' @samajwadiparty

Akhilesh Yadav Attacks on BJP UP Politics News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रदेश सपा मुख्यालय में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के संबंध में चर्चा करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव निष्पक्ष और ईमानदारी से संपन्न हों, तो भाजपा किसी भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर सकती। सपा अध्यक्ष ने यह भी जोर देकर कहा कि भाजपा को हराने के लिए पार्टी को लगातार मेहनत और सक्रिय रणनीति बनानी होगी।

लोकतंत्र और सरकारी नीतियों पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने और सरकारी अधिकारियों के साथ सांठगांठ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने शिक्षा का व्यवसायीकरण कर दिया है और समाजवादी सरकार द्वारा स्थापित शिक्षा संस्थानों की प्रगति को नष्ट कर दिया है। उन्होंने याद दिलाया कि समाजवादी सरकार में कई सैनिक स्कूल, कॉलेज, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज खोले गए थे।

शिक्षकों की नियुक्तियां और भाजपा पर आरोप

सपा अध्यक्ष ने शिक्षकों की भर्तियों और शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक बनाने का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही इन सबको खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है और शिक्षकों को तरह-तरह से परेशान किया जा रहा है। उनका दावा है कि यदि भाजपा सत्ता में बनी रही तो सरकारी कॉलेजों समेत अन्य शिक्षण संस्थानों को बेच दिया जाएगा।

भाजपा पर झूठ बोलने का आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर अवैध कारोबार और झूठ बोलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे झूठ बोलती है कि झूठ भी खुद को शर्मिंदा महसूस करे। उन्होंने राजधानी लखनऊ में मेट्रो रेल संचालन के उदाहरण का हवाला दिया और बताया कि समाजवादी सरकार के समय मेट्रो संचालन शुरू हुआ था, जबकि कानपुर और आगरा में मेट्रो निर्माण कार्य प्रगति पर था। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के असत्य बयान सामने आए।