लखनऊ

योगी कैबिनेट के इस फैसले पर भड़के अखिलेश यादव, कहा …तो पूरे प्रदेश को भुगतना पड़ेगा खामियाजा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य मंत्रिपरिषद के फैसले पर दिया बड़ा बयान...
less than 1 minute read
Oct 31, 2018
Akhilesh yadav
योगी कैबिनेट के इस फैसले पर भड़के अखिलेश यादव, कहा ...तो पूरे प्रदेश को भुगतना पड़ेगा खामियाजा

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भांग की खेती को फिर से हरी झंडी दिये जाने पर बड़ा बयान दिया है। बुधवार को सपा प्रमुख ने ट्वीट करते हुए कहा कि औषधीय उपयोग के लिए भांग की खेती की अनुमति तभी तक ठीक है, जब तक उस पर पूर्ण नियंत्रण हो। नहीं तो नशीले पदार्थों की आसानी से उपलब्धता नशाखोरी और चिलमबाजी को प्रोत्साहित करेगी जो लोगों को मानसिक-शारीरिक रूप से बीमार करेगी, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ेगा।

योगी कैबिनेट में 12 प्रस्तावों पर लगी मुहर
मंगलवार को योगी मंत्रिपरिषद की बैठक में 12 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। कैबिनेट के फैसले के तहत यूपी के किसान वर्षों से प्रतिबंधित भांग और अफीम की खेती फिर शुरू कर सकेंगे। अफीम की खेती करने के इच्छुक किसानों को लाइसेंस लेना होगा। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने कहा कि लम्बे समय से किसानों की मांग को देखते हुए सरकार ने फैसला किया है कि उत्तर प्रदेश में भांग की खेती को फिर से अनुमति दी जाएगी। इससे किसानों की आय में इजाफा होगा, वहीं शोध एवं वैज्ञानिक उद्देश्य से औषधीय उद्देश्य को पूरा करने में मदद मिलेगी। भांग की खेती कोई भी कर सकेगा, लेकिन इस पर नजर आबकारी विभाग रखेगा।

Published on:
31 Oct 2018 01:58 pm