समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखे शब्दबाण छोड़े
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखे शब्दबाण छोड़े। सपा प्रमुख ने ट्वीट करते हुए कहा कि विकास के नाम पर सरकार बचकानी हरकतें कर रही है। सरकार किसी न किसी बहाने विकास के काम रोक दे रही है।
गुरुवार को जेपीएनआईसी (Jai Prakash Narayan International Centre) समेत दो तस्वीरें शेयर करते हुए कहा, ' विकास गति का दूसरा नाम होता है, और गति से प्रगति होती है, पर सिर्फ़ राजनीति करने वाली भाजपा सरकार ने विकास के हर काम को किसी-न-किसी बहाने रोक दिया है। ये सरकार की बचकानी हरकत है, जैसे बच्चों का वो खेल याद करें जिसमें वो किसी को चलते-चलते अचानक रोक देते हैं, सरकार वही कर रही है।'
सरकार ने अपने बने रहने का हक खो दिया है : अखिलेश
इससे पहले बुधवार को ट्वीट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा था कि जब कुछ लोग क़ानून अपने हाथ में लेने लगें और उनके ख़िलाफ़ सरकार मूक दर्शक बनी रहे तो समझ लेना चाहिए कि सरकार नाकाम हो गयी है और उसने अपने बने रहने का हक़ खो दिया है। प्रदेश ने ऐसी राजनीतिक अराजकता और ख़ौफ़ का दौर पहले कभी नहीं देखा।
2019 में कामकाज का हिसाब लेगी जनता
बुधवार को एक टीवी चैनल से बातचीत में अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि प्रदेश सरकार अभी तक उद्घाटन का उद्घाटन और शिलान्यास का शिलान्यास ही कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले प्रचार में जितना आगे हैं, समाजवादी काम में उतने ही आगे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में जनता भारतीय जनता पार्टी के अब तक के कामकाज का हिसाब लेगी।
पीएम बनने नहीं, लेकिन बनाने की रेस में हूं
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मैं देश का अगला प्रधानमंत्री बनने की रेस में नहीं हूं, लेकिन उस प्रदेश से जरूर हूं, जहां से ये सूची बनेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से ही होकर दिल्ली का रास्ता जाता है, इसलिये जिसको प्रधानमंत्री बनना है, उसे यूपी में आना ही होगा। कहा कि अगर हम ज्यादा सीटें ला रहे हैं तो प्रधानमंत्री हम ही तय करेंगे।