
लखनऊ. उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था (Law and Order) पर अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और मायावती ने सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बिगड़ती कानून-व्यवस्था से उत्तर प्रदेश अब हत्या प्रदेश बनता जा रहा है। बीजेपी वाले क्या यूपी की यही पहचान बनाना चाहते हैं? वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने कहा कि आज (Yogi Sarkar) राज्य में हर कोई असुरक्षित महसूस कर रहा है, जो अति-दुःखद व अति-दुर्भाग्यपूर्ण है।
हत्या प्रदेश बनता जा रहा है यूपी : अखिलेश यादव
सहारनपुर के पत्रकार भाइयों की हत्या के बाद प्रयागराज में 12 घंटों में 6 हत्याओं के मामले का जिक्र करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि बिगड़ती कानून-व्यवस्था से उत्तर प्रदेश अब हत्या प्रदेश बनता जा रहा है। क्या भाजपा यूपी की यही पहचान बनाना चाहती है? जब जनता को जान का भरोसा न हो तो फिर कैसा विकास और किस पर विश्वास? इससे पहले भी अखिलेश यादव लॉ एंड ऑर्डर को लेकर बीजेपी सरकार को घेरते रहे हैं।
यूपी में जंगलराज जैसे हालात : मायावती
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती (Mayawati) ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज हर कोई खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, जो अति-दुःखद व अति-दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि यूपी की भाजपा सरकार में कानून का नहीं बल्कि गुण्डों, बदमाशों, माफियाओं आदि का जंगलराज चल रहा है, जिस कारण अब पूरे प्रदेश में हर प्रकार के अपराध चरम पर हैं तथा हत्याओं की तो बाढ़ सी आ गयी लगती है।
सरेआम हत्याओं का दौर जारी : प्रियंका गांधी
सहारनपुर में पत्रकार की हत्याकांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी योगी सरकार को घेरा है। उन्होंने ट्ववीट करते हुए कहा कि अब आप इस व्यवस्था को क्या कहेंगे जहां हर दिन गोली चलाकर सरेआम हत्याओं का दौर है। अपराधों को रोकने की जिम्मेदारी वाले लोग लीपापोती में जुटे हैं और यूपी तो अपराधयुक्त है ही।