लखनऊ

…तो अखिलेश यादव को सताता है अमर सिंह का भूत, देखें वीडियो

अमर सिंह ने अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि ईश्वर से मेरी प्रार्थना है कि आपको मेरा भूत नहीं सताये...
2 min read
Aug 12, 2018
Amar Singh targets Samajwadi party
...तो अखिलेश यादव को सताता है अमर सिंह का भूत, देखें वीडियो

लखनऊ. अमर सिंह जो कभी समाजवादी पार्टी के शुभचिंतक हुआ करते थे, आज बीजेपी के फेवर में बयानबाजी कर रहे हैं। तीन तलाक, कालाधन, दलित जैसे मुद्दों पर वह खुलकर बीजेपी का समर्थन कर रहे हैं। वहीं, वह बीजेपी विरोधियों को नसीहत देने से भी नहीं चूक रहे हैं। बीते दिनों उन्होंने ट्वीट कर अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि ईश्वर से मेरी प्रार्थना है कि आप जहां भी रहें स्वस्थ रहें, आपको मेरा भूत नहीं सताये।

अमर सिंह ने अपने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए अखिलेश को टैग किया था। इस वीडियो में वह अखिलेश को करारा जवाब देते दिख रहे हैं। अमर सिंह ने कहा कि बीते दिनों एक चैनल पर अखिलेश यादव ने कहा था कि अमर 'अंकल' फिर से समाजवादी पार्टी में आ सकते हैं, लेकिन वो अब कैसे आ सकते हैं वह तो प्रधानमंत्री जी के साथ हैं। अखिलेश ने कहा था कि कालाधन तो नहीं आया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमर अंकल की उपयोगिता को समझ गये।

तुम मुझे यूं न भुला पाओगे...
अखिलेश यादव को जवाब देते हुए अमर सिंह ने कहा कि अखिलेश जी, मैं आपको बाल्यावस्था से जानता हूं। पढ़ाई से विवाह तक। पहला कन्नौज का टिकट और पहली बार सपा प्रदेश के पद से नवाजने तक.. आपकी जडों में, आपके व्यक्तित्व औऱ कृतित्व के आईने में सिर्फ एक ही शक्ल दिखाई देगी, वो सिर्फ अंकल की। गाने की लाइनें गाते हुए अमर सिंह ने कहा कि तुम मुझे यूं न भुला पाओगे, जब भी तुम सुनोगे गीत मेरे, साथ-साथ तुम भी जाओगे।

मेरा भूत न सताये आपको
अमर सिंह ने कहा कि अखिलेश जी ये आपके जीवन का गीत है। बचपन से जवानी और जवानी से आज तक की यात्रा में आप मुझे ढूंढ नहीं पाये। आप मुझे नहीं मिल पाये और मैं आपको मिल नहीं पाया। आदर्णीय नरेंद्र मोदी, जिन पर मैंने कोई उपकार नहीं किया। उन्होंने साढ़े चार साल में मुझे ढूंढ लिया। तो फिर आपके पेट में दर्द क्यों हैं? मन में पीड़ा क्यों हैं? ये वेदना क्यों? ये तंज क्यों है? अमर सिंह ने कहा कि मेरी प्रार्थना है आप जहां भी रहें स्वस्थ रहें, आपको मेरा भूत नहीं सताये। अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि जब बोया पेड़ बबूल का तो आम कहां से होय...

Published on:
12 Aug 2018 07:43 pm