लखनऊ

बकरीद 2026: ये क्या बोल गए BJP सांसद? कहा- ‘वैसे तो बकरे की बलि देने की आवश्यकता नहीं लेकिन’

BJP MP Words On Bakrid 2026: बकरीद को लेकर BJP सांसद ने बड़ा बयान दिया। जानिए, पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर सांसद राजकुमार चाहर ने क्या कहा?

2 min read
May 26, 2026
बकरीद को लेकर ये क्या बोल गए BJP सांसद? फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

BJP MP Words On Bakrid 2026: फतेहपुर सीकरी से भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने फिरोजाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बकरीद, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, बिजली संकट और विपक्ष की राजनीति को लेकर बयान दिया। उन्होंने ईद-उल-अजहा पर सड़क पर नमाज और कुर्बानी को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि व्यवस्था और अनुशासन का पालन होना चाहिए।

ये भी पढ़ें

‘जो आवागमन बाधित करेगा उसके खिलाफ केस होना तय’, बकरीद को लेकर CM योगी के निर्देश पर क्या बोले ओपी राजभर

बकरीद पर बोले- सड़क पर नमाज और कुर्बानी उचित नहीं

भाजपा सांसद ने कहा कि बकरे की कुर्बानी मुस्लिम परंपरा का हिस्सा हो सकती है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर इसे करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में भी समय-समय पर कई परंपराओं में सुधार किया गया है और समाज ने उन्हें स्वीकार किया है।

उन्होंने कहा कि अगर किसी क्षेत्र में जगह की कमी है और आबादी अधिक है तो लोग शिफ्ट में नमाज अदा कर सकते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली के चांदनी चौक जैसे इलाकों में कम जगह में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं और वहां लोग अलग-अलग समय में सोते हैं, उसी तरह नमाज भी अलग-अलग समय में पढ़ी जा सकती है।

योगी सरकार के फैसले की सराहना

राजकुमार चाहर ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस विषय पर जो निर्णय लिए हैं, वे उचित हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था और सार्वजनिक अनुशासन बनाए रखने के लिए सरकार का रुख सही है। उन्होंने कहा, '' बकरे की बलि देने की वैसे तो आवश्यकता नहीं है लेकिन अगर उनके धर्म में है तो ठीक है।''

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर क्या बोले सांसद?

भाजपा सांसद ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां पूरी दुनिया के लिए चुनौती बनी हुई हैं। उन्होंने ईरान और अमेरिका के बीच तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि हालात अभी स्पष्ट नहीं हैं और इसका असर वैश्विक बाजार पर पड़ रहा है।

PM मोदी ने पहले ही किया था आगाह

उन्होंने कहा कि PM नरेंद्र मोदी ने पहले ही लोगों को सतर्क रहने और संसाधनों का सीमित उपयोग करने की सलाह दी थी। सरकार परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए है और जिस तरह कोरोना काल की चुनौतियों से निपटा गया था, उसी तरह इस स्थिति से भी निपटा जाएगा।

अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा सांसद का पलटवार

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ‘साइकिल ही विकल्प है’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजकुमार चाहर ने कहा कि साइकिल सीमित दूरी के लिए उपयोगी हो सकती है, लेकिन देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए व्यापक संसाधनों और आधुनिक व्यवस्था की जरूरत होगी।

अखिलेश पर राजनीतिक अपरिपक्वता का आरोप

भाजपा सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव वैश्विक संकट जैसे गंभीर विषयों पर गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख में राजनीतिक परिपक्वता की कमी है और ऐसे समय में राजनीति से ऊपर उठकर देशहित में सोचने की जरूरत है।

बिजली संकट पर सरकार के प्रयासों का किया जिक्र

राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रदेश में बिजली संकट को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। सरकार लगातार हालात पर काम कर रही है और आने वाले समय में बिजली समस्या से लोगों को राहत दिलाने की कोशिश की जाएगी।

ये भी पढ़ें

CM योगी की सख्त चेतावनी, कहा- नमाज पढ़नी है तो शिफ्ट में पढ़िए, वरना दूसरा तरीका अपनाएंगे
Also Read
View All