लखनऊ

योगी को भागवत की सीख, पिछड़ों को अहमियत दो और महागठबंधन में डालो फूट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की...
2 min read
• •
Updated: 26 Jun 2018, 3:23 PM IST
CM Yogi Adityanath and rss chief Mohan Bhagwat
योगी को भागवत की सीख, पिछड़ों को अहमियत दो और महागठबंधन में डालो फूट

पत्रिका इनडेप्थ स्टोरी

लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। दोनों के बीच 10 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान संघ के अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद थे। माना जा रहा है कि बैठक में 2019 के लोकसभा चुनाव, संगठन और सरकार में समन्वय को लेकर चर्चा हुई है। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि भाजपा की जीत में रोड़ा बन रहे उप्र के गठबंधन को किसी भी कीमत पर न बनने दिया जाए। इसमें दरार डालने की रणनीति के साथ राम मंदिर पर भी चर्चा हुई।

संघ और भाजपा दोनों बेचैन
गोरखपुर,फूलपुर और इसके बाद कैराना लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की करारी हार और समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन ने भाजपा और संघ दोनों को बेचैन कर दिया है। सपा, बसपा और राष्ट्रीय लोक दल के संभावित महागठबंधन की तस्वीर भी लगभग साफ दिख रही है। संभव है इसमें कांग्रेस भी शामिल हो जाए। ऐसे में भाजपा की धुकधुकी बढ़ गयी है। भाजपा नेतृत्व यह मानकर चल रहा है कि पिछले चुनाव में मिलीं 71 सीटों में से इस बार कुछ सीटें घट सकती हैं। सहयोगी अपना दल को मिलीं दो सीटें भी कम हो सकती हैं यदि महागठबंधन की रणनीति कामयाब रही तो।

पिछड़ों को अहमियत
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में तय किया गया कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह का महागठबंधन आकार लेता दिख रहा है, उसको मात देने के लिए पिछड़ों को अहमियत देनी होगी। यह चर्चा हुई कि टिकटों के बंटवारे में भाजपा को पिछड़ों को वाजिब प्रतिनिधित्व देना होगा।

सपा-बसपा अलग-अलग हो जाएं
महागठबंधन को मात देने के बारे में भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक इस बात पर चर्चा हुई कि ऐसी कोशिश हो कि महागठबंधन में दरार पड़ जाए और सपा-बसपा अलग-अलग हो जाएं। माना जा रहा है कि अगर किसी तरह से महागठबंधन पटरी से उतर गया और सपा-बसपा अलग-अलग चुनाव लड़े तो वोटों के बंटवारे से फिर भाजपा को सबसे अधिक फायदा होगा।

इन मुद्दों पर भी हुई बात
बैठक में चारों उपचुनाव में मिली हार, महागठबंधन की राजनीतिक चुनौतियां, हिंदुत्व और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा संघ के कार्यकर्ताओं और शाखाओं के जरिए 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां, यूपी और केंद्र सरकार की योजनाओं पर बातचीत हुई। आम चुनाव से पहले यूपी में राजनीतिक पृष्ठभूमि पर चर्चा की गयी।

लखनऊ की बैठक में भी संघ हावी
लखनऊ के निरालानगर स्थित सरस्वती कुंज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संलघ की समन्वय बैठक हो रही है। इस बैठक में आरएसएस के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले भी मौजूद हैं। बैठक में बीजेपी और अन्य अनुषांगिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में काशी, गोरखपुर, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध प्रांत के पदाधिकारी और संगठन मंत्री आए हुए हैं। संघ की तरफ से इस बैठक में मिशन 2019 फ़तेह के लिए एक विशेष रणनीति के तहत कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Published on: