लखनऊ

UP News: Ai, ड्रोन तकनीक से उत्तर प्रदेश बनेगा देश का ‘डीप टेक कैपिटल’, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जानिए क्या कहा?

UP News: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी सरकार तकनीक आधारित विकास को प्राथमिकता दे रही है। पढ़िए उन्होंने क्या-क्या कहा?

3 min read
May 11, 2026
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ का संदेश। फोटो सोर्स-IANS

UP News: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेशके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने प्रदेशवासियों के नाम एक विशेष संदेश जारी किया। इस दौरान उन्होंने भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों, तकनीकी आत्मनिर्भरता और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से बात की। CM ने वर्ष 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षण ‘ऑपरेशन शक्ति’ को याद करते हुए कहा कि तकनीक केवल विकास का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

CM योगी ने अपने संदेश में युवाओं से आधुनिक तकनीकों को अपनाने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान भी किया।

ये भी पढ़ें

Yogi-Suvendu Moment : योगी के भगवा गमछे ने बढ़ाई सियासी हलचल, सुवेंदु अधिकारी संग मंच पर दिखा खास संदेश

‘ऑपरेशन शक्ति’ को बताया भारत के आत्मविश्वास का प्रतीक

CM योगी ने कहा कि हर वर्ष 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाया जाता है और इस तारीख का भारतीय इतिहास में विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1998 में इसी दिन भारत ने पोखरण में ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत सफल परमाणु परीक्षण कर दुनिया को अपनी वैज्ञानिक क्षमता और तकनीकी सामर्थ्य का परिचय दिया था। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इसी दिन स्वदेशी विमान ‘हंस-3’ ने सफल उड़ान भरी थी और ‘त्रिशूल’ मिसाइल का भी सफल परीक्षण किया गया था।

CM योगी ने कहा कि इन उपलब्धियों ने दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

तकनीक अब गांव और खेतों तक पहुंची

CM योगी ने कहा कि आज तकनीक सिर्फ प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि गांवों, खेत-खलिहानों और आम जनजीवन तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के जरिए लोगों का जीवन आसान हुआ है। डीबीटी यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लोगों के खातों में पहुंच रहा है। वहीं ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को भी सरल बनाया है। उन्होंने ऑनलाइन स्व-गणना जैसी सुविधाओं को भी तकनीकी विकास का परिणाम बताया।

शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि का किया जिक्र

CM योगी ने उत्तर प्रदेश के युवा वैज्ञानिक और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष मिशन में सफलता हासिल कर पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। CM ने कहा कि ऐसे युवाओं की उपलब्धियां नई पीढ़ी को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

यूपी को ‘डीप टेक कैपिटल’ बनाने पर फोकस

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार तकनीक आधारित विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन पर तेजी से काम हो रहा है। इसके अलावा डेटा सेंटर क्लस्टर परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘टेक युवा-समर्थ युवा’ योजना के जरिए युवाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दे रही है।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ‘इनोवेट इन यूपी, स्केल फॉर द वर्ल्ड’ के मंत्र पर काम कर रही है। ड्रोन, क्वांटम टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन और मेड-टेक जैसे क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि यूपी आज आईटी पार्क, स्टार्टअप्स और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है।

ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का भी किया जिक्र

CM योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब ब्रह्मोस मिसाइल जैसी अत्याधुनिक रक्षा तकनीक का निर्माण भी हो रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश की तकनीकी और औद्योगिक प्रगति का बड़ा उदाहरण बताया। उनका कहना था कि रक्षा उत्पादन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में यूपी लगातार अपनी नई पहचान बना रहा है।

युवाओं से बोले- तकनीक से दूरी मतलब समय से पीछे रहना

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं को विशेष रूप से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तकनीक समय की तरह है और जो व्यक्ति तकनीक के साथ नहीं चलता, वह समय से पीछे छूट जाता है। सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे नई तकनीकों को सीखें, नवाचार को अपनाएं और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) के आत्मनिर्भर और आधुनिक भारत के सपने को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

ये भी पढ़ें

देवबंद में गरजे CM योगी, बोले- बंगाल की जीत ने विरोधियों को दिखाया आईना, फतवों और दंगों की राजनीति पर निशाना
Also Read
View All