प्रियंका गांधी की अगुआई में कांंग्रेसियों ने गांधीगिरी करते हुए जनाक्रोश मौन पदयात्रा निकाली तो अखिलेश यादव के नेतृत्व में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद सपाई रामधुन बजाते नजर आये
लखनऊ. आसमान में छाये बादलों के बीच गांधी जयंती पर यूपी का सियासी पारा आसमान पर पहुंच गया। बुधवार को एक तरफ योगी सरकार ने 36 घंटे के लिए यूपी विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया, तो विपक्षी दलों ने सदन का बहिष्कार किया और सड़कों पर उतरे। प्रियंका गांधी की अगुआई में कांंग्रेसियों ने गांधीगिरी करते हुए जनाक्रोश मौन पदयात्रा निकाली तो अखिलेश यादव के नेतृत्व में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद सपाई रामधुन बजाते नजर आये। वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ट्विटर पर ही सक्रिय रहीं, वहीं से उन्होंने बीजेपी व कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
सोनभद्र नरसंहार और उन्नाव कांड की तरह ही शाहजहांपुर कांड को लेकर भी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भाजपा सरकार पर हमलावर हैं। गांधी जयंती पर प्रियंका ने गांधीगिरी के जरिये यूपी सरकार को अपनी ताकत का अहसास कराने के लिए राजधानी लखनऊ की सड़कों पर मौन यात्रा निकाली। इस दौरान प्रदेश भर से आये बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। प्रियंका ने हजरतगंज के जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी को गांधी जी के दिखाए सत्य के मार्ग पर चलना है तो पहले बीजेपी को सच्चा होना पड़ेगा। बीजेपी को पहले सत्य के मार्ग पर चलना होगा, उसके बाद वह महात्मा गांधी की बात करें।
महिलाओं पर हो रहे हैं अत्याचार : प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहा है। मैं उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के घर मिलने गई थी। वहां लड़की की मां और परिजन को घर में बंद कर रखा गया है। हमें प्रशासन ने बोलने की अनुमति नहीं दी है, लेकिन कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। इससे पहले सोमवार को चिन्मयानद प्रकरण को लेकर कांग्रेसी शाहजहांपुर से लखनऊ तक न्याय यात्रा निकालना चाहते थे, पुलिस-प्रशासन के विरोध के चलते यात्रा नहीं निकल पााई। अब गांधी जयंती पर प्रियंका के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने लखनऊ में अपनी ताकत का अहसास कराया।
देखें वीडियो...