लखनऊ

दिव्या मिश्रा मर्डर केस: ‘मेरी बहन को पीटता था मानस, अपनी मां को भी मार डाला था’, प्रज्ञा मिश्रा ने जीजा की करतूतों से उठाया पर्दा

Divya Mishra Murder: लखनऊ में ICICI बैंक अधिकारी दिव्या मिश्रा की हत्या के बाद बहन प्रज्ञा मिश्रा ने पति मानस वाजपेयी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मानस दिव्या को पीटता था और बीमार मां से भी मारपीट की थी।
2 min read
Aug 21, 2026
Divya Mishra Murder Case
दिव्या मिश्रा और बहन प्रज्ञा मिश्रा (X Photo UJJWAL DOBHAL)

Uttar Pradesh Divya Mishra Murder Case: लखनऊ में आईसीआईसीआई बैंक अधिकारी दिव्या मिश्रा की हत्या के बाद मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। पति मानस वाजपेयी के वायरल व्हाट्सऐप स्टेटस के बाद अब दिव्या की बहन और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने कई बड़े दावे किए हैं। प्रज्ञा का आरोप है कि मानस दिव्या के साथ मारपीट करता था और उनकी बीमार मां के साथ भी मारपीट की थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। प्रज्ञा ने मानस को लेकर कई और गंभीर बातें भी बताई हैं।

'टमाटर खराब निकला तो पत्नी को पीट देता था'

प्रज्ञा ने फेसबुक पोस्ट में आरोप लगाया कि मानस उनकी बहन के साथ छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करता था। उन्होंने कहा कि अगर ब्लिंकिट से मंगाए गए टमाटर में कोई टमाटर खराब निकल जाता था तो मानस दिव्या को इस बात पर भी पीट देता था कि तूने कैसे ब्लिंकिट किया। प्रज्ञा ने यह भी दावा किया कि मानस और उसकी बहन ने मिलकर अपनी बीमार मां के साथ भी मारपीट की थी और उनकी मौत हो गई थी। प्रज्ञा ने कहा कि दिव्या पति से अलग होना चाहती थी और फैमिली कोर्ट में काउंसलर के साथ भी मानस की झड़प हुई थी।

सुहागरात को ही खर्च की लिस्ट बनाकर दे दी- प्रज्ञा

प्रज्ञा ने दावा किया कि दिव्या ने उन्हें बताया था कि शादी की पहली रात से ही मानस ने घर के खर्चों को लेकर अपनी शर्त रख दी थी। उसने खर्च की एक लिस्ट बनाकर दिव्या से आधा खर्च उठाने को कहा था। दिव्या ने शुरुआत में इसे स्वीकार किया, लेकिन घर में विवाद बढ़ने के बाद पिछले एक साल से उसने अपने हिस्से का खर्च उठाना बंद कर दिया था। प्रज्ञा ने कहा कि मानस की नजर में यह बात चीटिंग हो सकती है।

साइकों पति का टैटू भी नहीं हटवाया था- प्रज्ञा

प्रज्ञा ने दावा किया कि दिव्या ने उन्हें बताया था कि उसका पति साइको है, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि स्थिति इतनी गंभीर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इतनी प्रताड़ना के बावजूद दिव्या तीज का व्रत रखने वाली थी और उसने मानस का टैटू भी नहीं हटवाया था। प्रज्ञा के अनुसार, दिव्या अंदर से चाहती थी कि सब ठीक हो जाए और उसका पति सुधर जाए।

'दिव्या ने कितनी प्रताड़ना झेली, ये हम जानते हैं'

प्रज्ञा ने दावा किया कि मानस पहले भी दिव्या का पीछा कर चुका था। उन्होंने बताया कि तनाव की वजह से कुछ दिन पहले दिव्या का एक्सीडेंट भी हुआ था, जिसमें उसका हाथ और पैर टूट गया था। करीब डेढ़ से दो महीने बाद उसने दोबारा ऑफिस जाना शुरू किया था। वारदात वाले दिन भी दिव्या लंगड़ाकर चल रही थी। उन्होंने कहा कि दिव्या ने कितनी प्रताड़ना झेली, यह उसे जानने वाले लोग जानते हैं। प्रज्ञा ने लिखा कि अभी यह बातें करने का समय नहीं है, लेकिन कुछ बातें बताना जरूरी है।

सोशल मीडिया पर उठे सवालों का भी दिया जवाब

दिव्या की हत्या और मानस के वायरल स्टेटस के बाद सोशल मीडिया पर प्रज्ञा को लेकर भी कई सवाल उठाए गए। इनका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वह 2017 से पहले से पत्रकारिता कर रही हैं और मीडिया इंडस्ट्री में उनकी पहचान रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग उनकी बहन की हत्या में भी राजनीति तलाश रहे हैं। प्रज्ञा ने आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए कहा कि 9 साल की पत्रकारिता में उन्होंने जिसकी आलोचना की, उसके सामने खड़े होकर आंख में आंख डालकर बात की है। उन्होंने कहा कि मतभेद रखिए, लेकिन मनभेद मत रखिए।

Updated on:
21 Aug 2026 12:42 pm
Published on:
21 Aug 2026 10:48 am