लखनऊ

‘मेरी बात को गलत तरीके से पेश किया गया’, दीपावली और प्रदूषण वाले बयान पर इमरान मसूद ने दी सफाई

Imran Masood Statement: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने दीपावली और प्रदूषण पर दिए बयान पर विवाद के बाद अपनी सफाई दी है। मसूद ने कहा कि वह खुद भी दीपावली मनाते हैं और उनका विरोध प्रदूषण से है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 5:17 PM IST
Imran Masood
Imran Masood (Photo-IANS)

Imran Masood on Diwali Pollution Statement: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने दीपावली पर प्रदूषण को लेकर दिए गए अपने बयान पर अब सफाई दी है। इमरान मसूद ने दीपावली, बकरीद वायु-प्रदूषण और पराली जलाने जैसे कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनकी बात को संदर्भ से बिल्कुल अलग करके पेश किया गया है। हर व्यक्ति को अपना त्योहार मनाने की पूरी आजादी है लेकिन इसके साथ ही दूसरों की भावनाओं और सुविधाओं का भी ध्यान रखना चाहिए। मसूद ने कहा कि वह खुद भी दीपावली मनाते हैं और उनका विरोध किसी त्योहार से नहीं बल्कि केवल प्रदूषण से है।

दीपावली पर क्या कहा था इमरान मसूद ने?

दरअसल, दिल्ली NCR में वायु प्रदूषण को लेकर चल रही चर्चा के बीच इमरान मसूद का एक बयान विवादों में आ गया था। उन्होंने कहा था कि, "दीपावली हो या प्रदूषण यह मानव जनित समस्या है और लोगों को खुद जागरूक होना पड़ेगा। प्रदूषण से निपटने के लिए केवल सरकार पर निर्भर नहीं रहा जा सकता।" उनके इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस सांसद पर निशाना साधते हुए इसे हिंदू विरोधी और सनातन विरोधी मानसिकता से जोड़ दिया था। भाजपा के साथ-साथ व्यापारी संगठन ने भी राहुल गांधी को पत्र लिखकर इस बयान पर कांग्रेस का रुख साफ करने और मसूद से माफी मांगने की मांग की थी।

त्योहार मनाते समय किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए

बकरीद को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि वह पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि हर किसी को अपना त्योहार मनाने का अधिकार है लेकिन त्योहार मनाते समय दूसरे लोगों की भावनाओं और सुविधाओं का ख्याल रखना भी बेहद जरूरी है। यह बात केवल एक धर्म या त्योहार पर लागू नहीं होती बल्कि सभी को एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

किसान और सोनिया गांधी की किताब पर भी बोले

पराली जलाने के मुद्दे पर इमरान मसूद ने कहा कि किसानों को निशाना बनाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान तलाशना चाहिए। उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि देशभर में हर 100 किलोमीटर पर विशेष आर्थिक क्षेत्र बनाए जाएं जहां, कृषि कचरे का इस्तेमाल कर उपयोगी सामान तैयार किया जा सके। इसके अलावा सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा की टिप्पणियों का जवाब देते हुए मसूद ने कहा कि सच हमेशा चुभता है और भाजपा को जो कहना है कहने दिया जाए। कांग्रेस की गलती सिर्फ इतनी है कि पार्टी में सवाल उठाने वाले लोग मौजूद हैं।