
IPS Ashutosh Mishra Mother Murder Case: उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस अधीक्षक हेडक्वार्टर के पद पर तैनात IPS आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती (91) का शव रविवार सुबह अंबेडकरनगर के मालीपुर क्षेत्र स्थित रूढ़ा धमरूआ गांव के घर में मिला। उनके शरीर से सोने के जेवर गायब थे और मुंह में कपड़ा ठूंसे जाने की बात सामने आई। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। हालांकि, बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई और मौत की वजह को लेकर जांच जारी है।
IPS आशुतोष मिश्रा 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने राज्य पुलिस सेवा (PPS) से प्रमोशन के बाद IPS का पद हासिल किया। वर्तमान में वह लखनऊ स्थित पुलिस भवन कल्याण में SP पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। 15 अगस्त को आशुतोष मिश्रा अंबेडकरनगर पहुंचे थे। यहां वह एक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद वह शाम को वापस लखनऊ लौट गए थे। इसके अगले दिन उनके गांव धवरूवा स्थित घर में उनकी मां की मौत की खबर सामने आई।
मालीपुर थाना क्षेत्र के धवरूवा गांव में IPS आशुतोष मिश्रा की मां अकेली रहती थीं। उनकी देखभाल के लिए एक दाई रोजाना घर आती थी। रविवार सुबह जब दाई घर पहुंची तो महिला को मृत हालत में देखकर उसने आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। शुरुआती जांच में महिला के मुंह में कपड़ा मिलने और कुछ गहने गायब होने की बात सामने आई थी। इसी वजह से हत्या और लूट की आशंका जताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव का तीन डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। पुलिस ने बताया कि हार्ट को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा गया है, जिससे मौत की वजह को लेकर और स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन महिला के गहने गायब होने का सवाल अभी भी बना हुआ है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गहने कहां गए और इसके पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले तथ्यों, आसपास की जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना से एक दिन पहले 15 अगस्त को आशुतोष मिश्रा अपने गांव आए थे। उन्होंने स्कूल के कार्यक्रम में हिस्सा लिया और इसके बाद लखनऊ लौट गए। अगले दिन मां की मौत की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अयोध्या रेंज के IG समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था।