औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र का मामला, तीन आरोपियों खिलाफ मामला पंजीकृत
औरैया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमाफियाओं के अभियान चलाने के लिए एन्टी भूमाफिया टीम गठित की है। इसके अलावा भूमाफियाओं के खिलाफ शिकायत के लिए एन्टी भूमाफिया पोर्टल के माध्यम से सीधे शिकायत तक का प्रावधान कर दिया गया है। बावजूद इसके भूमाफिया अपनी साठ-गांठ से कोई न कोई जुगाड़ तलाश ही ले रहे हैं। औरैया जिले में भूमाफियाओं ने हेराफेरी कर एक चर्च को ही बेच दिया है। मामला वर्ष 2009 का है।
चर्च बेचे जाने का मामला संज्ञान में आने पर तीन लोगों के खिलाफ मामला पंजीकृत किया गया है। बताते चले कि फफूंद थाना के कस्बा में स्थित सब्जी मंडी के सामने मेथोडिस्ट चर्च भवन की भूमि को कागजों में हेराफेरी बेच दिया गया। उस जमीन की कीमत करोड़ों में है, जिसे भू-माफियाओं ने साजिशन पैसों के लालच में लाखों के रुपए में ही निपटा दिया। मामले की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन आरोपी भूमाफियाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह है पूरा मामला
लखनऊ के आजाद नगर बिहार कॉलोनी निवासी अरुण कुमार डीन बेल 'इन क्रिस्चियन वेलफेयर सोसाइटी' के सचिव हैं। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी से की थी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर उन्होंने फफूंद थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। संस्था के सचिव ने बताया कि लखनऊ के डालीगंज निवासी पादरी आर बी राय कानपुर के सिविल लाइन निवासी पीके शुक्ला ने कागजों में हेराफेरी कर फफूंद में सब्जी मंडी के सामने स्थित मेथोडिस्ट चर्च भवन को छह लाख रुपए में फफूंद के मोहल्ला गोविंद गंज निवासी मानवेंद्र पोरवाल को बेच दिया, जबकि भवन की कीमत 1करोड़ 50 लाख रुपए है। यह रजिस्ट्री 30 मार्च 2009 को कराई गई है।
पुलिस ने कहा- होगी उचित कार्यवाही
अरुण कुमार नेअपनी तहरीर में दर्शाया है कि मेथोडिस्ट चर्च का मुकदमा उच्च न्यायालय इलाहाबाद खंडपीठ लखनऊ में विचाराधीन है। थानाअध्यक्ष अनिल कुमार पांडे ने बताया की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।