लखनऊ

लखनऊ में मामूली टक्कर से नाराज कांवड़ियों ने स्कूल वैन पर किया पथराव, भीड़ जुटने पर हुए फरार

Kanwar Yatra Charak Chauraha Incident: लखनऊ के चरक चौराहे पर स्कूल वैन और कांवड़ियों की बाइक के बीच टक्कर के बाद जमकर बवाल हुआ। आरोप है कि कांवड़ियों ने वैन पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए जिससे बच्चे दहशत में आ गए। जानिए पूरा मामला...
2 min read
Aug 03, 2026
लखनऊ न्यूज, स्कूल वैन पर पथराव, कांवड़ यात्रा, चरक चौराहा, चौक थाना, Lucknow News, Kanwar Yatra, School Van, Uttar Pradesh News, Lucknow News, Kanwariya, UP News, Lucknow Police, Charak Chauraha Incident, UP Hindi News, School Van Attack
मामूली टक्कर के बाद कांवड़ियों ने स्कूल वैन पर पथराव किया (फोटो: पत्रिका)

Kanwariyas Attack School Van: सावन के महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्ति का माहौल रहता है, लेकिन कुछ शरारती तत्व इस माहौल को खराब करने की कोशिश भी करते हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां चौक थाना क्षेत्र के चरक चौराहे पर स्कूल वैन और कांवड़ियों की वेशभूषा में जा रहे युवकों की बाइक टकरा गई। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने हंगामा करते हुए स्कूल वैन पर पथराव कर दिया, जिससे वैन के शीशे टूट गए और अंदर बैठे बच्चे बुरी तरह घबरा गए।

भीड़ जुटने पर फरार हुए उपद्रवी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चरक चौराहे पर बाइक सवार युवकों और स्कूल वैन चालक के बीच मामूली टक्कर के बाद कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते कांवड़ियों के वेश में मौजूद इन उपद्रवियों ने डंडों और पत्थरों से स्कूल वैन पर हमला बोल दिया। हमले में वैन के शीशे चकनाचूर हो गए। गनीमत यह रही कि वैन के अंदर मौजूद किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा होने लगी जिसे देखकर उपद्रवी वहां से भाग निकले।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई सच्चाई, दी गईं गालियां

घटना के समय मौके पर मौजूद मोहित कश्यप नाम के एक चश्मदीद ने बताया कि कांवड़ियों के वेश में आए इन उपद्रवियों ने मामूली टक्कर के बाद जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन युवकों ने वैन में बैठे मासूम बच्चों को बेहद गंदी गालियां दीं और अभद्रता की। इसके बाद उन्होंने वैन पर पथराव कर दिया जिससे शीशे टूट गए। इस पूरी घटना का एक राहगीरों ने वीडियो भी बना लिए जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

पुलिस ने क्या कहा?

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जब चौक थाना प्रभारी नागेश उपाध्याय से मामले की जानकारी ली गई तो उन्होंने पथराव की किसी भी घटना से साफ इनकार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि स्कूल वैन और कांवड़ियों की बाइक के बीच महज एक मामूली टक्कर हुई थी। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच थोड़ी कहासुनी जरूर हुई लेकिन बाद में आपसी सुलह हो गई और सभी लोग शांति से वहां से चले गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।