लखनऊ

लखनऊ में शराब के नशे में मर्डर, 600 रुपये और मोबाइल के लिए दोस्त को पीट-पीटकर मार डाला

Lucknow Murder Case : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां में मात्र 600 रुपये और मोबाइल छीनने के विवाद में दोस्त ने दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से आरोपी धनराज को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
Apr 09, 2026
Feature image
दोस्त को 600 रुपए के लिए मार डाला, PC- Patrika

लखनऊ: महज 600 रुपये और एक मोबाइल फोन के लालच में दोस्त को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां क्षेत्र के नंदौली गांव में 22 वर्षीय मजदूर रैकिश रावत की हत्या उसके ही साथी धनराज उर्फ टाटू ने कर दी। पुलिस के अनुसार, सोमवार की रात मजदूरी करके लौटते समय तीनों दोस्तों ने रास्ते में शराब पी।

नशे में रैकिश ने आरोपी धनराज के हिस्से की शराब भी पी ली, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आए धनराज ने रैकिश के पास रखे 600 रुपये और उसका मोबाइल जबरन छीन लिया। जब रैकिश ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।

पिटाई इतनी निर्मम थी कि रैकिश को गंभीर आंतरिक चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बेनीगंज मार्ग पर सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा आरोपी

मृतक के भाई लवकुश रावत की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। थानाप्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी धनराज उर्फ टाटू को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह आंतरिक चोटों से अत्यधिक रक्तस्राव बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी धनराज का पुराना आपराधिक इतिहास भी है।

नशे के बाद बढ़ा शराबियों में विवाद

रैकिश रावत नंदौली गांव का रहने वाला था। सोमवार शाम वह अपने दो साथियों धनराज उर्फ टाटू और नंदकिशोर के साथ मजदूरी करके घर लौट रहा था। रास्ते में पहले उतरठिया और फिर निगोहां में तीनों ने शराब पी। नशे का असर बढ़ने पर छोटी-सी बात पर विवाद शुरू हो गया।

धनराज ने रैकिश के 600 रुपये और मोबाइल छीन लिए। विरोध करने पर उसने रैकिश को इतनी बेरहमी से पीटा कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।यह मामला दोस्ती और नशे के खतरनाक मिश्रण की एक और दर्दनाक मिसाल बन गया है, जिसमें महज 600 रुपये की राशि किसी की जिंदगी छीनने के लिए काफी साबित हुई।

Updated on:
09 Apr 2026 06:32 pm
Published on:
09 Apr 2026 06:32 pm