Mayawati statement on UP power cut : यूपी में बिजली कटौती को लेकर बसपा प्रमुख मायावती ने जताई चिंता। सरकार से तत्काल उचित कदम उठाने और नए पावर प्लांट लगाने की मांग की।
लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को भीषण गर्मी के बीच प्रदेश में बिजली कटौती को लेकर चिंता जाहिर की। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से तुरंत उचित कदम उठाने की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसी बड़ी आबादी वाले राज्य में भीषण गर्मी में बिजली की कम अपूर्ति और कटौती से गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारियों और अन्य करोड़ों मेहनतकश लोगों का जीवन अति-कष्टदायी बना हुआ है। इसको लेकर लोग अपना आक्रोश भी प्रकट कर रहे हैं।
इसके साथ ही बसपा प्रमुख मायावती ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि वह बिजली आपूर्ति संबंधी लोगों के कष्ट और परेशानियों को ध्यान में रखते हुए तत्काल जरूरी कदम उठाए।
बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की कम आपूर्ति व कटौती आदि की आम शिकायतें और उसको लेकर विशेषकर गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारियों व अन्य करोड़ों मेहनतकश लोगों का जीवन अति-कष्टदायी बना हुआ है तथा इसको लेकर लोग विभिन्न रूपों में अपना आक्रोश भी प्रकट कर रहे हैं, जिसकी चर्चा मीडिया में भी काफी व निरंतर रहती है।'
उन्होंने आगे एक्स पोस्ट में लिखा, 'अतः सरकार से अपील है कि वह बिजली आपूर्ति संबंधी लोगों के कष्ट और परेशानियों को ध्यान में रखते हुए जरूरी उपाय तत्काल सुनिश्चित करे। इसके साथ ही, नए पावर प्लांट आदि के माध्यम से भी आगे के लिए बिजली आपूर्ति की स्थिति को सुधारने का प्रयास करे तो यह व्यापक जनहित में उचित होगा।'
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। आसमान से लगता है कि आग बरस रही है। बुंदेलखंड का बांदा जिला सबसे गर्म है। उत्तर प्रदेश में तीन दिन के लिए हीट वेव का अलर्ट भी है। सरकार की तरफ से विभिन्न प्रकार की गाइडलाइंस जारी की जा रही है। खासकर स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूकता के लिए अभियान के माध्यम से भी समझाने का प्रयास कर रही है। धूप में जरूरी हो तो ही निकलने की हिदायत भी दी जा रही है। दूसरी तरफ भीषण गर्मी के बीच यूपी में बिजली कटौती के चलते लोगों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही हैं। पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ने के चलते बिजली की खपत भी बढ़ी है और जिससे डिमांड बढ़ी है। बिजली कटौती से परेशान होकर कई जगहों पर लोगों ने हंगामा भी किया।