लखनऊ

NEET Student Death in Lucknow: एग्जाम कैंसिल होने की वजह से डिप्रेशन में थी NEET की छात्रा, बंद कमरे में पंखे से लटक कर लगाई फांसी

NEET Student Death: राजधानी लखनऊ में NEET की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला है। छात्रा एग्जाम कैंसिल होने की वजह से डिप्रेशन में चल रही थी।

less than 1 minute read
Jun 17, 2026
NEET Student Death
सांकेतिक इमेज- पत्रिका

NEET Student Body Found Hanging: लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र में एक छात्रा (17) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा NEET का पेपर दे चुकी थी और एग्जाम कैंसिल होने की वजह से डिप्रेशन में चल रही थी। छात्रा मूल रूप से बिहार की राजधानी पटना की निवासी थी।

लखनऊ में NEET छात्रा की मौत

एग्जाम कैंसिल होने से डिप्रेशन में चल रही छात्रा शिवानी यादव ने आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से पटना की निवासी थी। मौजूदा समय में छात्रा लखनऊ में बाजारखाला थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी ऐशबाग में अपने परिवार के साथ रह रही थी। शिवानी के पिता रंजीत यादव रेलवे में टीटी के पद पर तैनात हैं।

शिवानी ने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की थी और NEET एग्जाम में शामिल हुई थी। शिवानी के परिजनों के मुताबिक, उसका NEET का पेपर अच्छा गया था, लेकिन परीक्षा रद्द होने की खबर सुनकर वह गहरे डिप्रेशन में चली गई थी। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से छात्रा उदास रहती थी।

दुपट्टे से पंखे पर लटका मिला शव

बुधवार को शिवानी के कमरे का दरवाजा बंद था। मां ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिवार के अन्य सदस्यों की मदद से दरवाजा खुला गया तो शिवानी का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकता हुआ मिला। परिजनों ने तुरंत उसे फंदे से उतारा और रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाजारखाला थाने के इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। इस घटना से पूरे परिवार पर गहरा सदमा है।