लखनऊ

अखिलेश यादव पर नितिन नवीन के बयान का OP राजभर ने किया समर्थन, अयोध्या दौरे पर बोले- अब मथुरा और काशी जाने की तारीख भी बताएं

OP Rajbhar Statement: 'बिल्कुल सच कहा है...', नितिन नवीन के अखिलेश यादव पर माफियाओं को संरक्षण देने के आरोप का ओमप्रकाश राजभर ने खुलकर समर्थन किया है। इसके साथ ही अखिलेश के अयोध्या दौरे पर भी तंज कसा।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 5:48 PM IST
OP Rajbhar
कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना (PC IANS)

OP Rajbhar Statement: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। भाजपा नेता नितिन नवीन की ओर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर माफियाओं को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी उनके बयान का खुलकर समर्थन किया है। मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि नितिन नवीन ने जो भी कहा है वह बिल्कुल सच है और इस बात को पूरी दुनिया अच्छी तरह जानती है।

'अतीक और मुख्तार उनके साथ रहते थे'

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने नितिन नवीन के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि, वह इस बात से पूरी तरह सहमत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि माफिया अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी हमेशा अखिलेश यादव के साथ रहते थे। उनके साथ बड़े-बड़े माफिया घूमते थे। राजभर ने कहा कि नितिन नवीन ने जो बयान दिया है वह सौ फीसदी सही है और इस बात से पूरी दुनिया वाकिफ है।

अखिलेश के अयोध्या दौरे पर राजभर का तंज

सपा प्रमुख अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने वाले हैं। इस पर तंज कसते हुए ओपी राजभर ने पूर्वांचल की कहावत का जिक्र किया और कहा कि, "अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत।" राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव पहले भी अयोध्या गए लेकिन रामलला के दर्शन नहीं किए। वाराणसी पहुंचे तो काशी विश्वनाथ के दर्शन नहीं किए और मथुरा में भी भगवान के दर्शन नहीं किए। अब कम से कम भगवान ने उन्हें सद्बुद्धि दे दी है। उन्होंने अखिलेश से कहा कि इसी सद्बुद्धि के साथ अब मथुरा और काशी जाने की तारीख भी बता दें।

ब्रजेश पाठक ने की माफी मांगने की मांग

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, "देर आए दुरुस्त आए।" लेकिन इसके साथ ही ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव से एक बड़ी मांग भी कर दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को सबसे पहले अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना के लिए पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। यह बयान ऐसे समय आया है, जब 12 दिसंबर को सपरिवार अखिलेश यादव का अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने का कार्यक्रम चर्चा में है।

Also Read
View All