Prateek Yadav Latest News: जानिए, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश याादव के भाई प्रतीक यादव पत्नी अपर्णा और बच्चों के लिए कितनी संपत्ति छोड़ गए?
Prateek Yadav Latest News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व CM मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादवकी 25 मई को हुई तेरहवीं में कई बड़े नेता पहुंचे। 13 मई को उनका निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर फैल गई। हालांकि वह देश के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवारों में से एक से संबंध रखते थे, लेकिन उन्होंने खुद को सक्रिय राजनीति से हमेशा दूर रखा। प्रतीक यादव ने राजनीति के बजाय बिजनेस और फिटनेस इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी। वह अपनी पत्नी बीजेपी नेता अपर्णा यादव और दो बेटियों के लिए करोड़ों रुपये की संपत्ति छोड़ गए हैं।
प्रतीक यादव फिटनेस को लेकर बेहद जागरूक थे और सोशल मीडिया पर अक्सर अपने वर्कआउट और फिटनेस वीडियो साझा किया करते थे। फिटनेस की दुनिया में उनकी अलग पहचान थी। उन्होंने साल 2015 में ‘आयरन कोर फिट’ नाम से जिम व्यवसाय की शुरुआत की थी। बाद में इसकी कई शाखाएं भी खोली गईं। इसके अलावा वह लखनऊ के चर्चित प्रीमियम जिम ‘द फिटनेस प्लैनेट’ से भी जुड़े रहे, जहां देश-विदेश की आधुनिक मशीनें लगाई गई थीं। बताया जाता है कि इस जिम में इटली और अमेरिका से विशेष फिटनेस उपकरण मंगाए गए थे।
जिम की वार्षिक सदस्यता फीस करीब 35 हजार रुपये प्रति व्यक्ति बताई जाती है और यहां कई नामी हस्तियां भी सदस्य थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वर्ष 2024 में प्रतीक यादव की कुल संपत्ति करीब 5.5 करोड़ से 7 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई थी। उनकी अनुमानित सालाना आय लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई जाती है। हालांकि अपर्णा यादव द्वारा चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारी के अनुसार दोनों पति-पत्नी के पास करीब 23 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां थीं।
प्रतीक यादव की आय का प्रमुख स्रोत उनका फिटनेस और रियल एस्टेट कारोबार था। लखनऊ में जिम संचालन के अलावा उन्होंने रियल एस्टेट परियोजनाओं के जरिए भी अच्छा निवेश और कमाई की थी।
प्रतीक यादव अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी जाने जाते थे। उन्हें महंगी और हाई-एंड कारों का काफी शौक था। उनके कार कलेक्शन में कई लग्जरी गाड़ियां शामिल थीं। बताया जाता है कि उनके पास एक लैम्बोर्गिनी कार भी थी, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये थी। सोशल मीडिया पर भी वह अक्सर अपनी लग्जरी लाइफ और फिटनेस रूटीन की झलक साझा करते रहते थे।
सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर डालने से साफ पता चलता है कि प्रतीक यादव को एडवेंचर और थ्रिल से बेहद लगाव था। उन्हें एडवेंचरस एक्टिविटीज का शौक था और वह फिटनेस को लेकर युवाओं को लगातार प्रेरित करते थे। वह खुद भी फिटनेस ट्रेनर की भूमिका निभाते थे और कई कंपनियों के लिए फिटनेस प्रमोशन और ट्रेनिंग का काम करते थे।
प्रतीक यादव के निधन के बाद उनकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतीक के निधन के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कारोबार में नुकसान की ओर इशारा किया था। उन्होंने कहा कि प्रतीक अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहते थे और कभी-कभी कारोबार में नुकसान भी हो जाता है।
अखिलेश यादव ने बताया कि करीब दो महीने पहले उनकी प्रतीक से मुलाकात हुई थी, जिसमें उन्होंने प्रतीक को स्वास्थ्य का ध्यान रखने और कारोबार पर फोकस करने की सलाह दी थी।
यादव परिवार की राजनीति में बड़ी पहचान होने के बावजूद प्रतीक यादव ने कभी सक्रिय राजनीति में आने की कोशिश नहीं की। उन्होंने बिजनेस, फिटनेस और निजी जीवन को ही अपनी प्राथमिकता बनाए रखा। उनके निधन के बाद परिवार, समर्थकों और करीबी लोगों में गहरा दुख है। राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।