Prateek Yadav death: समाजवादी परिवार से जुड़े प्रतीक यादव की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार सुबह वह लखनऊ स्थित घर के किचन में अचेत मिले थे। पोस्टमार्टम में फिलहाल कोई संदिग्ध तथ्य नहीं मिला है। लेकिन विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। आज उनका अंतिम संस्कार होगा।
समाजवादी परिवार से जुड़े प्रतीक यादव के अचानक निधन ने लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश को गमगीन कर दिया है। बुधवार सुबह किचन में अचेत हालत में मिले प्रतीक को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में फिलहाल कोई संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया है। लेकिन मौत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उनका विसरा सुरक्षित रखकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक Mulayam Singh Yadav के बेटे और Aparna Yadav के पति प्रतीक यादव के निधन के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर है। बुधवार सुबह आई इस खबर ने लखनऊ समेत पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया। सपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और परिवार के करीबियों के बीच लगातार शोक और अविश्वास का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार तड़के करीब 4 बजे प्रतीक यादव घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार और समर्थकों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी प्रकार की स्पष्ट संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। लेकिन एहतियातन डॉक्टरों और प्रशासन ने शव का विसरा सुरक्षित रख लिया था। अब इसे फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। जहां जहरीले पदार्थ या अन्य किसी असामान्य कारण की जांच की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पूरी तरह साफ हो सकेगी।
प्रतीक यादव राजनीति की चकाचौंध से दूर रहकर अपने अलग व्यवसायिक और फिटनेस जगत की पहचान बना चुके थे। यही वजह है कि उनके अचानक निधन की खबर ने सिर्फ राजनीतिक परिवार ही नहीं, बल्कि कारोबार और फिटनेस से जुड़े लोगों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। उधर, परिवार की ओर से अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जानकारी के अनुसार आज सुबह 11 बजे के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस बीच उनके आवास पर नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों का लगातार पहुंचना जारी है।