लखनऊ

असम से लौटीं अपर्णा यादव, कल पिपराघाट पर होगा प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार

Prateek Yadav Death: प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। गुरुवार दोपहर पिपरा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
May 13, 2026
Prateek Yadav Funeral, Prateek Yadav Last Rites
प्रतीक यादव का गुरुवार को अंतिम संस्कार होगा | फोटो सोर्स- Instagram

Prateek Yadav Death: उत्तर प्रदेश की राजनीति से बुधवार सुबह एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई। समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रतीक अपने विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर अचानक गिर पड़े थे। पहले डॉक्टरों को घर बुलाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के समय घर में नहीं थी अपर्णा यादव

घटना के समय उनकी पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव असम दौरे पर थीं। पति के निधन की सूचना मिलते ही वह दोपहर में लखनऊ पहुंचीं। उनके आवास पहुंचने से पहले ही डिंपल यादव और शिवपाल सिंह यादव भी पहुंच चुके थे। वहीं, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव सुबह से ही किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, छह डॉक्टरों की टीम की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या निकला

प्रतीक यादव की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से शुरुआती तौर पर अहम जानकारी सामने आई है। मेडिकल जांच में पता चला है कि उनके शरीर में खून का थक्का जम गया था। रिपोर्ट के अनुसार, शरीर के निचले हिस्से से ऊपरी हिस्से तक ब्लड क्लॉटिंग होने के कारण आर्टरी और फेफड़ों में गंभीर संक्रमण फैल गया, जिसके बाद कार्डियक अरेस्ट हुआ और उनकी मौत हो गई। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर पूरी तस्वीर विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और मेडिकल टीम रिपोर्ट के बाकी हिस्सों का इंतजार कर रही है, ताकि किसी अन्य संभावित कारण की भी जांच की जा सके।

अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर

बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार से पहले प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जा सकता है। इससे उनके चाहने वाले और परिचित उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। सुबह से ही उनके आवास पर लोगों के जुटने की संभावना है, जिसे देखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 2:30 बजे लखनऊ के पिपराघाट पर किया जाएगा। इसी घाट पर जुलाई 2022 में उनकी मां साधना गुप्ता का अंतिम संस्कार हुआ था। वहीं, कुछ महीने बाद अक्टूबर 2022 में मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार सैफई में किया गया था।

पूजा-पाठ की लिए पहुंचे पंडित

प्रतीक यादव के आवास पहुंचे पंडित महेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्हें पूजा-पाठ की प्रक्रिया के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों से चर्चा के बाद ही अंतिम संस्कार के समय को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।