लखनऊ

सीएम योगी का बड़ा संदेश, यूपी में तीन नई महिला PAC बटालियन, 10 हजार से बढ़कर 45 हजार के पार पहुंची महिला पुलिसकर्मियों की संख्या

Women PAC Battalion: सीएम योगी ने रानी अवंती बाई लोधी की जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने तीन नई महिला PAC बटालियन और यूपी पुलिस में महिलाओं की बढ़ती संख्या का जिक्र किया।
2 min read
Aug 16, 2026
CM Yogi
सीएम योगी (ANI Photo)

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने रानी अवंती बाई के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है। सीएम योगी ने महिला सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2017 में यूपी पुलिस में महिलाओं की संख्या करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर 45 हजार से अधिक हो चुकी है। सरकार तीन नई महिला PAC बटालियन भी तैयार कर रही है।

तीन महिला PAC बटालियन का गठन

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वीरांगनाओं के आदर्शों को उत्तर प्रदेश की नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार ने तीन नई महिला PAC बटालियन के गठन की दिशा में काम आगे बढ़ाया है। इन बटालियनों का नाम वीरांगनाओं के नाम पर रखा गया है। बदायूं में रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर नई PAC वाहिनी का गठन लगभग पूरा हो चुका है। यहां उनकी अश्वारोही प्रतिमा लगाने का काम भी अंतिम चरण में है।

वहीं लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी के नाम पर महिला PAC बटालियन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर नई PAC बटालियन का काम भी तेजी से चल रहा है। इन दोनों बटालियनों में भी संबंधित वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं लगाने का काम आगे बढ़ा है।

महिला पुलिसकर्मियों की संख्या में बड़ा इजाफा

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 20 फीसदी बेटियों की भर्ती अनिवार्य की गई है। उन्होंने बताया कि साल 2017 में प्रदेश के पुलिस बल में महिलाओं की संख्या मात्र 10 हजार थी। अब यह संख्या बढ़कर 45 हजार से ज्यादा हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी केवल नारा नहीं है, बल्कि नारी के गौरव की रक्षा भी हो रही है। महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन देने के साथ उन्हें राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को साकार करने में भागीदार बनाया जा रहा है।

27 साल की उम्र में दिया बलिदान

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साल 1857 में रानी अवंती बाई लोधी की उम्र मात्र 27 साल थी। इतनी कम उम्र में उन्होंने देश की आजादी के संघर्ष में अपना बलिदान दिया और एक मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी उन महान नायिकाओं में से एक हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया। आजादी की लड़ाई में उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर करने में कोई कमी नहीं छोड़ी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी अवंती बाई के नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई लड़ी गई। उनके योगदान और बलिदान को आज भी देश श्रद्धा से याद करता है। उनके योगदान के लिए हर भारतवासी नतमस्तक है।

Updated on:
16 Aug 2026 03:55 pm
Published on:
16 Aug 2026 03:55 pm